श्री गंगानगर

Rajasthan: पति के साथ वोट देकर लौट रही विवाहिता की मौत, बाइक में चुन्नी फंसने से हुआ हादसा

राजस्थान के श्रीगंगानगर में मतदान कर घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में जान चली गई। बाइक पर सवार महिला की चुन्नी अचानक पिछले टायर में उलझ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। हादसे में महिला के पति को भी चोटें आईं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 6:48 PM IST
Sriganganagar Accident
Sriganganagar Accident: मृतका निर्मला देवी और उसका पति मनफूल (फोटो-पत्रिका)

श्रीगंगानगर। जिले में पंचायती राज चुनाव में मतदान कर घर लौट रहे दंपती के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक पर पीछे बैठी महिला की चुन्नी अचानक पिछले टायर में उलझ गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पति-पत्नी दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका पति भी हादसे में घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार हादसा श्रीकरणपुर क्षेत्र में हुआ। मृतका निर्मला देवी (निवासी 9 एफए माझीवाला) श्रीकरणपुर के दुर्गा मंदिर के पास बुटीक संचालित करती थी। शनिवार को वह अपने पति मनफूल के साथ पंचायती राज चुनाव में मतदान करने गई थी। वोट डालने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

इसी दौरान रास्ते में निर्मला की चुन्नी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों नीचे गिर पड़े। हादसे में दंपती को चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने मदद करते हुए दोनों को श्रीकरणपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद निर्मला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति मनफूल का भी हादसे में घायल होने के कारण उपचार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया। मतदान कर घर लौट रहे दंपती के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में भी दुख का माहौल है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
14 Nov 2026, 6:48 PM IST
Published on:
Also Read
View All