श्रीनगर

रेलवे की तारीफ के बाद वांगचुक ने मोदी सरकार को लेकर कही बड़ी बात, बोले- वादे भी पूरे हों तो गर्व होगा

Sonam Wangchuk Latest News: सोनम वांगचुक ने दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन में सफर के बाद भारतीय रेलवे की तारीफ की। उन्होंने रेलवे की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि सरकार के वादे भी इसी तरह पूरे हों तो और खुशी होगी।
2 min read
Jul 30, 2026
Sonam Wangchuk
सोनम वांगचुक ने वंदे भारत ट्रेन की तारीफ की और सरकार के वादों पर भी बड़ी बात कही।

Sonam Wangchuk Statement: मशहूर शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक इन दिनों लद्दाख के सफर पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय रेलवे के अनुभव को लेकर अपनी खुशी जाहिर की और रेलवे की जमकर तारीफ की। हालांकि, इसी के साथ उन्होंने सरकार के वादों को लेकर भी एक ऐसी बात कही, जिसकी सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।

सोनम वांगचुक ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में वह कार से यात्रा करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह लद्दाख जाने के लिए निकले हैं और इस सफर की शुरुआत उन्होंने ट्रेन से की। उन्होंने कहा कि उन्हें ट्रेन से सफर करना हमेशा पसंद रहा है और इस बार दिल्ली से श्रीनगर के बीच शुरू हुई वंदे भारत ट्रेन में पहली बार यात्रा करने का मौका मिला।

सरकार के कामकाज को लेकर रखी बात

वांगचुक ने कहा कि वह खास तौर पर चिनाब नदी पर बने रेलवे ब्रिज को देखने के लिए उत्साहित थे। उन्होंने अपने इस अनुभव को शानदार बताते हुए कहा कि भारतीय रेलवे की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने बताया कि कश्मीर में एक दिन रुकने के बाद वह आगे लद्दाख की ओर रवाना हो रहे हैं।

रेलवे की तारीफ करते हुए वांगचुक ने सरकार के कामकाज को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह रेलवे के विकास को देखकर गर्व महसूस हो रहा है, उसी तरह वह चाहते हैं कि सरकार के किए गए वादों को पूरा होते देखकर भी उन्हें गर्व महसूस हो।

बिल को लेकर जाहिर की खुशी

उन्होंने हाल ही में परीक्षाओं में सुधार को लेकर संसद में मोदी सरकार की ओर से लाए गए बिल का भी जिक्र किया और इसे लेकर खुशी जाहिर की। वांगचुक ने सीधे तौर पर किसी अन्य मुद्दे का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को सरकारी घोषणाओं और उनके जमीन पर असर को लेकर एक उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा है।

सोनम वांगचुक सामाजिक मुद्दों और शिक्षा से जुड़े विषयों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। वह समय-समय पर देश के अलग-अलग मुद्दों पर अपनी बात रखते रहे हैं। यही वजह है कि उनका कोई भी बयान अक्सर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाता है।

इस बार भी उनका संदेश सिर्फ रेलवे की तारीफ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने यह संकेत दिया कि जनता किसी भी सरकार के वादों को सिर्फ सुनना नहीं, बल्कि उन्हें पूरा होते हुए देखना चाहती है।

Updated on:
30 Jul 2026 11:12 am
Published on:
30 Jul 2026 11:12 am