8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जम्मू के शिव मार्केट में आग से तबाह दुकानदारों से मिलीं महबूबा मुफ्ती, सरकार से आर्थिक मदद की मांग

Mehbooba Mufti: PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने जम्मू के शिव मार्केट में आग से प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने सरकार से दुकानों को दोबारा खड़ा करने और कारोबार शुरू करने के लिए जल्द आर्थिक मदद देने की मांग की।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्रीनगर

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 8 Nov 2026, 3:26 PM IST

Mehbooba Mufti

आग से तबाह दुकानदारों से मिलीं महबूबा मुफ्ती

Jammu Shiv Market Fire: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू के शिव मार्केट में आग से प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आग से हुए भारी नुकसान का जायजा लिया और सरकार से प्रभावित छोटे दुकानदारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की।

‘छोटे दुकानदार हैं, कर्ज लेकर चलाते हैं कारोबार’

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आग में दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह तबाह हो गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोग बड़े कारोबारी नहीं, बल्कि छोटे दुकानदार हैं, जो कर्ज लेकर अपना कारोबार चलाते हैं। उन्होंने कहा, “यहां बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। ये छोटे दुकानदार हैं, कोई बड़े कारोबारी नहीं हैं। ये लोग कर्ज लेते हैं और उधार के सहारे अपना कारोबार चलाते हैं। उनकी दुकानें पूरी तरह जलकर तबाह हो गई हैं।”

सरकार से जल्द आर्थिक मदद देने की अपील

PDP प्रमुख ने सरकार से प्रभावित दुकानदारों की मदद के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आग में दुकानों के साथ-साथ वह सामान भी जल गया, जिसे दुकानदारों ने उधार लेकर खरीदा था। ऐसे में उनके सामने दोबारा कारोबार शुरू करने की बड़ी चुनौती है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि सरकार को सक्रियता दिखाते हुए प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक सहायता देनी चाहिए, ताकि वे अपनी दुकानें दोबारा बना सकें, नया सामान खरीद सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए फिर से कमाई शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि इन दुकानों को लंबे समय तक इसी हालत में नहीं छोड़ा जा सकता और सरकार को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

26 अक्टूबर को 35-40 दुकानें जलकर हुई थीं खाक

दरअसल, 26 अक्टूबर की सुबह जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिव मार्केट में भीषण आग लग गई थी। इस घटना में करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई थीं। आग की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं थी। हालांकि, आग की वजह से दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

कुपवाड़ा में भी तीन घर आग की चपेट में आए थे

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में भी 22 अगस्त को सुपरनगामा क्रालगुंड इलाके में तीन रिहायशी मकानों में आग लग गई थी। आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दी थीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। मौके के दृश्यों में रिहायशी मकानों को आग की ऊंची लपटों से घिरा देखा गया था। आग फैलने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग ने तीन मकानों के आग से प्रभावित होने की पुष्टि की थी।