राज्य

नौकर हटाया, चाबी की जगह नहीं बदली: दिल्ली में IRS अफसर की बेटी संग ऐसे हुआ कांड, जुए और उधार में फंस चुका था आरोपी

Delhi IRS Officer Daughter Case: दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की हत्या के मामले में नौकर राहुल मीणा गिरफ्तार। लूटपाट और पुरानी रंजिश के चलते चार्जर तार से घोंटा था गला।

2 min read
Delhi IRS Officer Daughter Case
दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की हत्या के मामले में नौकर राहुल मीणा गिरफ्तार

Delhi IRS Officer Daughter Case: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने आरोपी नौकर राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महज 2.5 लाख रुपये और कुछ गहनों के लिए यूपीएससी की तैयारी कर रही होनहार छात्रा की बेरहमी से जान ले ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा को करीब डेढ़ महीने पहले ही काम से निकाला गया था। उसे पता था कि अधिकारी और उनकी पत्नी हर सुबह 6 बजे जिम जाते हैं और घर की एक अतिरिक्त चाबी फ्लैट के बाहर ही एक तय जगह पर छिपाकर रखी जाती है। अधिकारी ने नौकर बदलने के बावजूद चाबी रखने की जगह नहीं बदली थी, जिसका फायदा उठाकर राहुल घर में दाखिल हो गया।

40 मिनट का खौफनाक मंजर

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सुबह 6:39 बजे आरोपी राहुल घर में दाखिल हुआ और पढ़ाई कर रही युवती को धमकाकर अलमारी का पासकोड मांगने लगा। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर उसने पहले उसके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी, जिसके बाद उसने अलमारी से 2.5 लाख रुपये नकद और गहने लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर के अंदर ही अपने खून से सने कपड़े बदले और सुबह 7:22 बजे बाहर निकल गया; हालांकि जाते समय गाड़ी साफ करने वाले एक सहायक ने उसे टोका भी था, लेकिन वह बहाना बनाकर वहां से फरार हो गया।

अलवर से दिल्ली तक फैला जुर्म

जॉइंट सीपी विजय कुमार ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा जुए का आदी था और उस पर भारी कर्ज था। चौंकाने वाली बात यह है कि दिल्ली में इस वारदात को अंजाम देने से ठीक एक दिन पहले उसने राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ रेप किया था। वहां से भागकर वह रात में दिल्ली पहुंचा और अगली सुबह इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

कैसे पकड़ा गया हत्यारा?

वारदात के बाद पुलिस की कई टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस द्वारका के उस होटल तक पहुंच गई जहां वह छिपा हुआ था। आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और यौन हमले (Sexual Assault) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Updated on:
23 Apr 2026 11:02 am
Published on:
23 Apr 2026 10:54 am