राज्य

नासिक में भीषण सड़क हादसा: ब्रेक फेल ट्रक ने ईको कार को रौंदा, 4 लोगों की मौत, 1 गंभीर घायल

Nashik Road Accident: नासिक के सावलघाट में ब्रेक फेल ट्रक ने एक इको कार को टक्कर मार दी। दो ट्रकों के बीच फंसने से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 4 लोगों की मौत और 1 गंभीर रूप से घायल हुआ है।
2 min read
Jul 15, 2026
Nashik Savalghat Road Accident
ब्रेक फेल होने से ट्रक ने ईको कार को कुचला, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

Car Truck Accident Maharashtra: महाराष्ट्र के नासिक जिले के सावलघाट में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज ढलान पर एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। जिस वजह से चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और सामने चल रही ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार दो ट्रकों के बीच फंस गई और पूरी तरह से चक्काचूर हो गई।

दो ट्रकों के बीच फंसी कार, तीखे ढलान पर हुआ हादसा

रिपोर्ट्स के अनुसार, सावलघाट के तीव्र ढलान पर ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक तेज रफ्तार से नीचे आया और ईको कार को कुचल दिया। दो भारी वाहनों के बीच दबने से कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

एक कार सवार अस्पताल में भर्ती

हादसे में ईको कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद तीनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रक के ब्रेक फेल होना और घाट के तीव्र ढलान को माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

मुंबई-गोवा हाईवे पर एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

रत्नागिरी जिले के लांजा में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। गोवा से मुंबई लौट रही एक कार लांजा रेस्ट हाउस के पास सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से जा टकराई। हादसे में दो महिलाओं और एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल लांजा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार मुंबई के आग्रीपाड़ा के निवासी हैं, जो गोवा घूमकर वापस लौट रहे थे।

Updated on:
15 Jul 2026 08:12 am
Published on:
15 Jul 2026 07:46 am