
Bhavali Waterfall Crime: महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भावली वॉटरफॉल में घूमने आए एक परिवार के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि पहले कुछ युवकों ने परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ किया और विरोध करने पर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने करीब 15 किमी तक उनकी कार का पीछा कर लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हर साल बारिश के मौसम में इगतपुरी के भावली डैम परिसर में बड़ी संख्या में पर्यटक आते है। नासिक के अलावा मुंबई और पुणे से भी हजारों लोग यहां घूमने पहुंचते हैं। लेकिन इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, नासिक के भागवत परिवार के आठ सदस्य रविवार को भावली वॉटरफॉल घूमने गए थे। लौटते समय दो युवकों ने परिवार की एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। महिला और उनके पति ने इसका विरोध किया और युवकों से ऐसा न करने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित परिवार के साथ लूटपाट भी की। पीड़िता के पति की सोने की चेन और मोबाइल फोन गायब है।
कुछ देर बाद वहां खड़े 8 से 10 अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और पूरे परिवार को धमकाने लगे। किसी तरह मामला शांत कर परिवार वहां से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
पीड़िता पूनम भागवत ने बताया कि आरोपी करीब 15 किमी तक उनकी कार का पीछा करते रहे। रास्ते में उन्होंने लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से कार पर हमला किया और शीशे तोड़ दिए। परिवार किसी तरह वहां से बचकर नासिक पहुंचा और सीधे अंबड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पूनम भागवत ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम परिवार के आठ लोग भावली बांध घूमने गए थे। वापस लौटते समय दो लोगों ने मेरे साथ छेड़छाड़ की। जब मैंने और मेरे पति ने इसका विरोध किया तो वे गाली-गलौज करने लगे और हमला करने की कोशिश की। हमने उनका विरोध किया तो वे कुछ देर के लिए चले गए, लेकिन बाद में अपने साथियों के साथ लौटे।"
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पहले उन्हें धमकाया और फिर कार व बाइक से पीछा करते हुए उनकी कार पर हमला कर दिया। इस दौरान वाहन के शीशे तोड़ दिए गए और परिवार दहशत में आ गया। कार में बच्चे भी मौजूद थे, जो अभी भी बेहद डरे हुए है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरा सहयोग किया और तेजी से कार्रवाई की।
घटना की शिकायत मिलने के बाद अंबड पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ महिला से छेड़छाड़, मारपीट, जानलेवा हमला, धमकी और सार्वजनिक शांति भंग करने सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
14 Jul 2026 01:09 pm
Published on:
14 Jul 2026 01:01 pm
