सुकमा

CG News: सुकमा उप डाकघर में आधार पंजीयन 1 साल से बंद, अपडेट नहीं होने से आमजन परेशान…

CG News: डाकघर अधिकारी और कर्मचारी आधार केंद्र को दोबारा चालू करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। लोगों को हर बार तकनीकी खराबी का बहाना सुनने को मिलता है।

2 min read
Jan 10, 2025

CG News: जिला मुख्यालय स्थित उप डाकघर में आधार पंजीयन और अपडेट सेवा करीब 1 साल से बंद पड़ी है। इसके पीछे मुख्य कारण कंप्यूटर में आई तकनीकी खराबी को बताया जा रहा है, लेकिन इस समस्या को सुलझाने में विभाग की लापरवाही और उदासीनता स्पष्ट रूप से दिख रही है। आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के लिए दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोग इस समस्या से काफी परेशान हैं।

CG News: केंद्र बंद होने के कारण बढ़ती जा रही है दिक्कतें

गौरतलब है कि डाकघर में आधार केंद्र 1 साल से बंद है, लेकिन इसे दोबारा चालू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। कंप्यूटर की खराबी का बहाना बनाकर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय निवासियों, बल्कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी आधार सेवाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

आधार कार्ड आज हर छोटी-बड़ी सरकारी योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। बिना आधार कार्ड के सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता, बैंकिंग सेवाएं अटक जाती हैं, और स्कूलों में बच्चों का दाखिला भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में 1 साल से आधार केंद्र बंद होने के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं।

आधार बनाने एक कर्मचारी नियुक्त

उप डाकपाल सुकमा, अभिषेक ऊईके: मैं अक्टूबर से ज्वाइन किया हूं, कंप्यूटर में तकनीकी खराबी आने के कारण आधार कार्ड पंजीयन एवं अपडेट करने का कार्य बंद है, जैसे ही कंप्यूटर बन जाएगा, उसके बाद आधार कार्ड बनाने का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड के लिए एक कर्मचारी नियुक्त किया गया है।

समस्या समाधान की कोई रुचि नहीं

डाकघर अधिकारी और कर्मचारी आधार केंद्र को दोबारा चालू करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। लोगों को हर बार तकनीकी खराबी का बहाना सुनने को मिलता है। (chhattisgarh news) लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सुकमा उप डाकघर में बंद आधार केंद्र को जल्द से जल्द चालू किया जाए। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता पर कार्रवाई की जाए और आधार सेवाओं को बहाल कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए।

शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार मौन

CG News: डाकघर के कामकाज और आधार केंद्र से संबंधित समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। शिकायतों का निराकरण करने के बजाय खानापूर्ति तक सीमित रह गए हैं। स्थिति यह हो गई है कि लोग अब शिकायत करना भी छोड़ चुके हैं।

सुकमा उप डाकघर के कर्मचारियों की लापरवाही और जिम्मेदारी के अभाव के कारण हर दिन कई काम प्रभावित हो रहे हैं। यहां तक कि जरूरी पत्रों और डाक सेवाओं के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ता है। आधार केंद्र के बंद होने से डाकघर की व्यवस्था और अधिक खराब हो चुकी है।

Published on:
10 Jan 2025 02:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर