
Government Jobs: छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं के लिए बड़ा फैसला लेते हुए बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इस विशेष बल का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करना है। पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की योजना के तहत भविष्य में बस्तर में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या चरणबद्ध तरीके से कम करते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं से गठित बस्तर फाइटर्स को सौंपी जाएगी।
सरकार का मानना है कि स्थानीय भाषा, संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों से परिचित युवा सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी ढंग से संभाल सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करने तथा ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। इससे हजारों युवाओं को सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
वन एवं जलवायु परिवर्तन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और साहस की कोई कमी नहीं है। सरकार ने उन्हें अपने ही क्षेत्र की सुरक्षा में भागीदारी का अवसर देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बस्तर विकास एवं शांति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। मंत्री कश्यप ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के समग्र विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और माओवाद के स्थायी समाधान के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। बस्तर फाइटर्स की भर्ती उसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बस्तर के भविष्य को नई दिशा देगा।
चयनित अभ्यर्थियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करने तथा ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगी। इस भर्ती अभियान से बस्तर संभाग के हजारों युवाओं के लिए सरकारी सेवा के नए अवसर खुलेंगे। सरकार का मानना है कि इससे रोजगार के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।