
Sukma Flood Affected: सुकमा में लगातार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। मंगलवार को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने नगर पालिका सुकमा के अलग-अलग वार्डों और प्रभावित इलाकों का दौरा किया। टीम ने बाढ़ और जलभराव से प्रभावित परिवारों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और जरूरत के अनुसार राहत सामग्री वितरित की।
एसडीएम सूरज कश्यप, जनपद पंचायत के सीईओ सुमित ध्रुव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनीत साव समेत अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। टीम ने पुसामी पारा, सुपनार, वार्ड क्रमांक 6, श्रीनगर वार्ड क्रमांक 6 सहित वार्ड क्रमांक 11, 12 और 13 का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर बारिश और जलभराव के कारण सामने आ रही परेशानियों की जानकारी ली। लोगों ने अपनी जरूरतों और समस्याओं से प्रशासनिक टीम को अवगत कराया। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
बाढ़ और जलभराव के कारण प्रभावित परिवारों के सामने भोजन और रोजमर्रा के जरूरी सामान की समस्या न आए, इसके लिए राहत सामग्री का वितरण किया गया। परिवारों को सूखा राशन, शॉल, चादर, प्लेट और गिलास समेत अन्य आवश्यक सामग्री दी गई। प्रशासनिक टीम के घर की चौखट तक पहुंचने से प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद मिलने के साथ अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका भी मिला। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत पहुंचाई जाएगी।
राहत वितरण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी यादव और स्थानीय वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित नागरिकों से बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों की जानकारी ली। बारिश के कारण जिन इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है, वहां प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए राहत कार्य जारी रहेगा।
लगातार बारिश के कारण सुकमा जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना है। प्रशासनिक अमला प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों की स्थिति और जरूरतों की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, राहत सामग्री वितरण का काम आगे भी जरूरत के मुताबिक जारी रखा जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि बारिश और जलभराव के कारण परेशानी झेल रहे परिवारों को आवश्यक सहायता समय पर मिल सके और संकट की स्थिति में उन्हें किसी तरह की जरूरी सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।