सुरजपुर

Surajpur Job Fraud: मैं SECL का अधिकारी हूं, तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगा कहकर ले लिए 3.55 लाख, फिर थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र

Job Fraud: आरोपी ने एसईसीएल अधिकारी बनकर अपने 2 साथियों की मदद से युवक से की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार 2 अन्य की तलाश जारी
2 min read
Fraud in the name of job
Surajpur Job Fraud, पुलिस गिरफ्त में आरोपी (Photo- Patrika)

जरही। खुद को एसईसीएल का अधिकारी बताकर नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से 3 लाख 55 हजार रुपए की ठगी की गई थी। बाद में उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया गया। जब वह नौकरी ज्वाइन (Fraud in the name of job) करने पहुंचा तो पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। इसके बाद उसने मामले की रिपोर्ट सूरजपुर जिले के खडग़वां चौकी में दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी एमसीबी जिला निवासी को जेल भेज दिया है, जबकि उसके 2 अन्य साथियों की खोजबीन की जा रही है।

सूरजपुर जिले के खडग़वां चौकी अंतर्गत ग्राम माझापारा निवासी ललित राम नामक युवक ने नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 55 हजार रुपए ठगी करने की रिपोर्ट कुछ दिन पूर्व दर्ज कराई थी। उसने पुलिस (Surajpur Police) को बताया कि एमसीबी जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर चौकी घाट पास सरभोका निवासी निलेश पाल और उसके 2 अन्य साथियों ने एसईसीएल में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे 3 लाख 55 हजार रुपए लिए।

उसने बताया कि आरोपियों ने खुद को एसईसीएल का अधिकारी (SECL officer) बताकर उसे भरोसे में लिया था। रुपए लेने के बाद उन्होंने उसे नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 338 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरु की थी।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (Surajpur SP) ने आरोपियों की खोजबीन कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद खडग़वां चौकी पुलिस ने विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी निलेश पाल पिता स्व. पिंटू पाल 38 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Surajpur Job Fraud, आरोपी निलेश पाल (Photo- Patrika)

Fraud accused arrested: फोन पे के अलावा कैश में ली रकम

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर पीडि़त ललित राम से फोन पे और नगद रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले (Fraud case) में आगे की जांच शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी विवेचना की जा रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी खडग़वां मनोज सिंह एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Updated on:
21 Sept 2026 08:57 pm
Published on:
21 Sept 2026 08:57 pm