
सूरजपुर. सूरजपुर जिले की 22 वर्षीय एक युवती को कोरिया जिले के युवक ने पहले तो अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाया। फिर युवती से उसने प्यार का इजहार किया। युवती द्वारा स्वीकार कर लिए जाने के बाद युवक ने उससे कहा कि वह उसे अपनी पत्नी बनाना चाहता है।
युवती द्वारा हामी भरने के बाद युवक उसे अपने घर ले गया और 3 महीने तक दुष्कर्म किया। जब युवती ने उससे शादी की बात कही तो पिटाई कर घर से निकाल दिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 493, 376 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की खोजबीन में जुटी है।
सूरजपुर जिले के ग्राम देवनगर निवासी 22 वर्षीय एक युवती का कोरिया जिले के ग्राम सावांरावां निवासी संदीप सोनवानी से परिचय हुआ था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातें भी होती थीं। 3 महीने पूर्व युवक ने युवती से अपने प्रेम का इजहार किया और शादी करने की बात कही। युवती जब उसके झांसे में आ गई तो वह उसे अपने घर ले गया।
युवक ने उससे कहा कि वह उसे अपनी पत्नी बनाकर रखेगा। इसके बाद वह 3 महीने से अपने घर पर ही उसका दैहिक शोषण करने लगा। इस बीच युवती ने उससे कहा कि 3 महीने हो गए मेरे साथ ये सब करते हुए, शादी कब करोगे।
इसके बाद युवक तो पहले बात टाल गया। जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया तो युवक ने शादी से इनकार करते हुए उसकी पिटाई कर घर से निकाल दिया।
थाने पहुंचकर युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट
युवक द्वारा मारपीट किए जाने के बाद युवती वहां से अपने घर पहुंची और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 493, 376 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की खोजबीन में जुटी है। आरोपी घर से फरार है।