सुरजपुर

CG Thagi News: नकली सोना थमाकर 2 लाख से ज्यादा की ठगी, शातिरों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

Thagi News: छत्तीसगढ़ में लोग लगातार ठगी का शिकार हो रहे हैं। इसी तरह का एक मामला सामने आया है, जिसमें नकली सोना देकर 2 लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई। आखिर आरोपियों ने इस वारदात को कैसे अंजाम दिया, आइए जानते हैं...
2 min read
Mar 30, 2026
ठगी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
ठगी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG Thagi News: सूरजपुर जिले के चांदनी थाना अंतर्गत नकली सोना देकर दो लाख से अधिक की ठगी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ठगी की आधी रकम बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, झिलमिली थाना अंतर्गत ग्राम दर्रीपारा निवासी बालरूप गुप्ता ने 16 मार्च को चांदनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि होली त्योहार के 4-5 दिन पूर्व ग्राम पपराखांड सावारांवा के सोनू द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति के पास सोना है, खरीदने के लिए बोल रहा है। तब वह बोला ठीक है, सोना खरीद लूंगा चलो दिखवा दो। तब 6 मार्च को बालरूप और सोनू सोना का सैंपल देखने बिहारपुर नवाटोला गया था। जहां 2 व्यक्ति मिले और इन्हे जो सोना दिखाए उसी में से छोटा टुकडा काट कर सैम्पल दिये। इस दौरान वे दोनों व्यक्ति बालरूप का भी मोबाइल नंबर ले लिए।

2 लाख रुपए से अधिक की ठगी

इसके बाद बालरूप सैंपल को ले जाकर भैयाथान में सोनार के पास चेक कराया तो असली था। इसके बाद वह बातचीत करके 11 मार्च को वह 2 लाख 20 हजार रुपए लेकर एक व्यक्ति के साथ रेड़ीपहरी चौक ठाड़पाथर पहुंचा तो वहां पर वही दोनों व्यक्ति मिले। लेकिन उन्होंने कपड़े में लपेट कर पीतल को पीटवाकर सोने के बिस्किट जैसा बनवाया और इसे असली बताकर दे दिया, बदले में 2 लाख 20 हजार नकद भी ले लिए। इसकी जानकारी सोना को चेक कराने के बाद हुई।

मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर चांदनी थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर चार आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदनी आरपी साहू, एएसआई क्षेत्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र सिंह पोर्ते, आरक्षक मंजीत कुमार, मंगलसाय, रूप प्रसाद राजवाड़े, मुकेश साहू व आलोक सिंह सक्रिय रहे।

ये आरोपी पकड़े गए, नकद रकम भी बरामद

एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने धोखाधड़ी के आरोपियों की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना चांदनी पुलिस ने विवेचना कर सोना खरीदने के लिए बहला-फुसलाकर कमीशन लेने वाले आरोपी अर्जुन देवांगन पिता नधीर देवांगन उम्र 35 वर्ष निवासी मसनकी थाना ओड़गी व मोहन उर्फ सोनू पिता नोहरसाय उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम सांवारांवा को दबिश देकर गिरफ्तार किया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

इनसे पूछताछ के आधार पर आरोपी राजेन्द्र यादव पिता स्व. शीतल प्रसाद उम्र 46 वर्ष निवासी ग्राम कर्री चौकी बलंगी व किशोरी लाल यादव पिता नानदाउ यादव उम्र 42 वर्ष निवासी कर्री को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चारों ने धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इनकी निशानदेही पर ठगी की रकम 1 लाख 24 हजार रुपए नकद बरामद किया गया।

Updated on:
30 Mar 2026 07:50 pm
Published on:
30 Mar 2026 07:49 pm