
विश्रामपुर। सूरजुपर जिले के ग्राम पंचायत केशवनगर की ममता कॉलोनी में महिला शिक्षिका और उसके बेटे की नृशंस हत्या (Brutal murder of mother-son) कर दी गई। दोनों की लाश 10 अक्टूबर को मिली थी। इस मामले में घटना के चौथे दिन भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। वहीं मां-बेटे का शॉर्ट पीएम रिपोर्ट भी आ गया है। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए मृतिका के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। उसके कथित प्रेमी से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं। वहीं जिले के विभिन्न थाना-चौकियों के तेजतर्रार पुलिसकर्मियों को जांच में लगाया गया है। पुलिस मृतका और उसके बेटे के दोस्तों, करीबियों तथा आसपास रहने वाले लोगों से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना (Murder) वाले दिन या उसके आसपास मृतका के घर कौन-कौन आया था और किन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध थीं। चौथे दिन भी पुलिस को कोई निर्णायक सफलता नहीं मिली, फिलहाल मामले में जांच जारी है।
घटना के बाद से मां-बेटे के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं। पुलिस बंद मोबाइल फोन बरामद करने के लिए भी प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस मृतका और उसके बेटे (Teacher and son murder) के मोबाइल नंबरों की पिछले डेढ़ से दो महीने की कॉल डिटेल के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबरों के धारकों को थाने बुलाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस बातचीत के संपर्कों और अन्य तथ्यों के बीच संबंध स्थापित कर मामले से जुड़े अहम सुराग तलाश रही है।
मंगलवार को भी पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल (Surajpur SP) बिश्रामपुर थाने पहुंचे और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जांच के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने मामले में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश और जांच में तेजी लाने पर जोर दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी लगातार जानकारी जुटा रही है।
दोहरे हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस को मां-बेटे की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस आशंका सहित विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दे रही है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि पुलिस हर उस बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है, जिससे मामले का खुलासा हो सके। अलग-अलग लोगों से पूछताछ में सामने आ रहे तथ्यों और साक्ष्यों की कडिय़ां जोडक़र पुलिस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।