
Surajpur Double murder, शिक्षिका अपने बेटे के साथ (Photo- Patrika)
विश्रामपुर। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत केशवनगर ममता कालोनी निवासी प्रभारी प्रधान पाठिका और उसके 17 वर्षीय बेटे के अंधे कत्ल मामले में जयनगर और बिश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या (Double Murder) का अलग-अलग जुर्म दर्ज किया है। रविवार को मां-बेटे के शवों को पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया था। परिजन शव को लेकर देर रात गृहग्राम पहुंचे। सोमवार को परिजन के आपसी सलाह मशवरे के बाद मृतका रजनी बरेठ के ससुराल रायगढ़ में गमगीन माहौल में दोनों मां-बेटे का अंतिम संस्कार किया गया। दोहरे हत्याकांड के बाद से पुलिस अधीक्षक सहित पूरा पुलिस अमला बिश्रामपुर थाने में डटा हुआ है और संदिग्धों को बारी-बारी से तलब कर पूछताछ की जा रही है। लेकिन अभी तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
बताया जा रहा है कि मृतिका ग्राम बेलटिकरी मिडिल स्कूल की प्रभारी प्रधान पाठिका रजनी बरेठ द्वारा हाल ही में बैंक से 19 लाख का लोन लेने की बात सामने आने पर पुलिस द्वारा उसके बैंक खाते की जानकारी भी निकाली गई है। उसके खाते में अभी भी 15 लाख रुपए शेष हैं, जबकि पौने 5 लाख रुपए उसने पुराने लोन को क्लियर करने राशि समायोजित कराई थी।
रविवार को घटना स्थल पर परिजन ने बताया था कि उसने सूरजपुर में जमीन ली थी, जिसे वह बेचकर बिश्रामपुर में जमीन लेना चाहती थी। पुलिस इस एंगल से भी मामले (Surajpur Double murder case) की जांच कर रही है। इसके अतिरिक्त उसके पुरुष मित्र सहित परिचितों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने तलब किया है। गौरतलब है कि रविवार को मृतका का शव पीएम के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिर यहीं मां-बेटे के शवों का दो सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने पीएम किया। पंचनामा के दौरान महिला के गले में निशान मिलने से संभावना जताई जा रही है कि उसकी हत्या किसी रस्सी अथवा कपड़े से गला घोंटकर की गई होगी। मृतका का शव बाथरूम में मिलने और घटनास्थल अस्त-व्यस्त होने से संभावना जताई जा रही है कि घटना के दौरान उसनी अपनी जान बचाने काफी संघर्ष किया है।
वहीं दूसरी ओर बेटे सुजल बरेठ का शव करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत महावीरपुर के कोरेया बाड़ी नर्सरी में पंचायत सडक़ किनारे मिलने और उसके सीने, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के निशान मिलने से किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या करने की संभावना जताई गई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होने की बात पुलिस कह रही है। प्रभारी प्रधान पाठिका रजनी बरेठ की स्कूटी घर से कुछ दूर एनएच 43 पर नायरा पेट्रोल पंप के समीप मिलने पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
पुलिस हर स्तर पर हत्यारों तक पहुंचने जुटी हुई है। घटना पर सोमवार को सुजल बरेठ के विद्यालय कार्मेल कान्वेंट स्कूल बिश्रामपुर में अवकाश घोषित कर मृत आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल खुद अपनी निगरानी में जांच को तेजी दिला रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जिस जगह हत्या की वारदात (Double Murder) हुई है, वह केशवगर पंचायत का क्षेत्र है। यहां पर लगातार कॉलोनी का विस्तार हो रहा है और लाखों करोड़ों की इमारतें खड़ी कर दी गई हंै, लेकिन कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। इस वजह से भी पुलिस को हत्यारों तक पहुंचने दिक्कत आ रही है।
दोहरे हत्याकांड (Double Murder Case) के मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिश्रामपुर इकाई ने सोमवार को पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। अभाविप का कहना है कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करे, जिससे लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।
Updated on:
12 Oct 2026 08:36 pm
Published on:
12 Oct 2026 08:35 pm
बड़ी खबरें
View Allसुरजपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
