सुरजपुर

Surajpur Land Scam Case: बहुचर्चित जमीन घोटाले में तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी समेत 4 के खिलाफ एफआईआर, जिंदा महिला को बताया था मृत

Surajpur Land Scam: जीवित महिला को राजस्व अभिलेख में फर्जी तरीके से मृत दर्शाकर भूमि घोटाले को दिया गया था अंजाम, पीडि़ता ने कलेक्टर से की थी शिकायत, थाने में दर्ज कराई थी रिपोर्ट
2 min read
Land scam in Surajpur
Surajpur land scam case, बुजुर्ग महिला जिसकी जमीन का घोटाला किया गया था (Photo source- Patrika)

भैयाथान। सूरजपुर जिले के भैयाथान क्षेत्र में वर्षों से बहुचर्चित भूमि घोटाले (Land Scam in Surajpur) के मामले में झिलमिली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी सहित 4 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि ग्राम कोयलारी निवासी शैल कुमारी दुबे को राजस्व अभिलेखों में फर्जी तरीके से मृत दर्शाकर उनकी वैध भूमि का नामांतरण कराया गया और बाद में उस भूमि का हिस्सा दान एवं विक्रय के माध्यम से अन्य लोगों के नाम कर दिया गया। इसकी शिकायत पीडि़ता ने कलेक्टर से लेकर एसपी तक की थी। मामले की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

शिकायत के अनुसार शैलकुमारी दुबे ने वर्ष 1976 में संबंधित भूमि विधिवत खरीदी थी और वह लंबे समय से उसकी वैध स्वामी थीं। आरोप है कि वर्ष 2024 में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र (Death Certificate) और झूठे शपथ पत्र के आधार पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद राजस्व रिकॉर्ड से उनका नाम हटाकर वीरेंद्रनाथ दुबे के नाम नामांतरण कर दिया गया।

बाद में भूमि का एक हिस्सा कमलेश दुबे को दान तथा अन्य हिस्से शिवम दुबे और संजय कुमार के नाम विक्रय कर दिए गए। पुलिस जांच में राजस्व अभिलेखों, दस्तावेजों, गवाहों के बयान और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।

Surajpur land scam case, झिलमिली पुलिस स्टेशन (Photo- Patrika)

यह मामला लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ था और शिकायतकर्ता शैल कुमारी दुबे लगातार कार्रवाई की मांग कर रहीं थीं। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद राजस्व विभाग (Revenue Department) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मामले की विवेचना जारी होने की बात कही है और संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

Surajpur Land scam news: इन 4 के खिलाफ एफआईआर

पुलिस ने जिन 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनमें वीरेंद्र नाथ दुबे, तत्कालीन तहसीलदार संजय कुमार राठौर, तत्कालीन हल्का पटवारी इंजलीना भगत तथा कमलेश दुबे शामिल हैं। इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

महिला ने जताई खुशी

पुलिस की जांच में यह भी पाया गया कि जिस महिला शैल कुमारी दुबे को मृत बताकर नामांतरण (Land scam case) कराया गया था, वह जीवित हैं और उनके जिंदा होने के कई आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध थे। शैल कुमारी ने पुलिस की इस कार्रवाई पर खुशी जताते हुए पुलिस अधीक्षक का आभार जताया है।

Updated on:
05 Aug 2026 09:01 pm
Published on:
05 Aug 2026 09:01 pm