सुरजपुर

सूरजपुर में सरेआम प्रेमिका की गला रेतकर हत्या, खून से लथपथ हालत में मिली, आरोपी गिरफ्तार

Crime News: केतका रोड स्थित नेहरू पार्क के पास एक युवक ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
2 min read
Jul 27, 2026
Murder News
युवती की गला रेतकर हत्या (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Surajpur Crime News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला मुख्यालय में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। केतका रोड स्थित नेहरू पार्क के पास एक युवक ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नेहरू पार्क के पास हुई वारदात

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। नेहरू पार्क के पास युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने चाकू से युवती पर हमला कर दिया। हमले में युवती के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े (19 वर्ष), निवासी ग्राम लटोरी, सूरजपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।

Surajpur Crime News: प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

शहर में फैली सनसनी, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

जिला मुख्यालय में हुई इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई है। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Updated on:
27 Jul 2026 10:56 am
Published on:
27 Jul 2026 10:55 am