
बिश्रामपुर। एसईसीएल के अनुबंध में संचालित स्कूल बस (SECL School Bus) में कथित रूप से मुफ्त यात्रा को लेकर एक निजी सुरक्षा गार्ड और बस चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बस नहीं रोकने से नाराज गार्ड ने बाइक से बस का पीछा कर उसे रुकवाया। चालक ने जब कहा कि बीच रास्ते में बस नहीं रोक सकते तो गार्ड ने उसपर बंदूक तान उसके बट से मारपीट की। घटना के दौरान बस में छात्र-छात्राएं सवार थे, जिससे वे दहशत में आ गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बस ड्राइवर ने मामले की रिपोर्ट बिश्रामपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस गार्ड के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि 3 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे एसईसीएल अनुबंध की स्कूल बस कॉलेज के छात्रों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान आरटीआई कॉलोनी निवासी गार्ड (Guard stopped bus) मंगला यादव ने बस रुकवाने का इशारा किया, लेकिन चालक ने स्कूल बस होने का हवाला देते हुए बस नहीं रोकी।
इसके बाद गार्ड ने एक राहगीर की बाइक से बस का पीछा कर भटगांव मार्ग स्थित काली मंदिर के पास बस को जबरन रुकवा लिया। बस रुकने के बाद गार्ड ने चालक से बस नहीं रोकने का कारण पूछते हुए विवाद शुरु कर दिया।
जब चालक ने कहा कि यह स्कूल बस है और बीच रास्ते नहीं रुक सकती तो गार्ड ने उस पर बंदूक तान दी और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान बस में मौजूद छात्र-छात्राएं सहम गए। घटना के बाद बस संचालक ने एसईसीएल प्रबंधन (SECL Management) और बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दी।
बस चालक रविंद्र पासवान की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस (Bishrampur police) ने निजी गार्ड मंगला यादव निवासी आरटीआई कॉलोनी बिश्रामपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 30 आम्र्स एक्ट, 115 (2), 126 (2), 296 (बी) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। बता दें कि स्कूल बस को बीच रास्ते में नहीं रोकने एसईसीएल प्रबंधन की ओर से बस स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं। यह छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिहाज से किया गया है।