सुरजपुर

Memo train: मेमू ट्रेन में खराबी से 2 घंटे तक जंगल में फंसे रहे यात्री, भोपाल जा रही छात्रा नहीं दे पाई परीक्षा, 2 दिन ट्रेन रही निरस्त

Memo train: अंबिकापुर से अनूपपुर के लिए रवाना हुई थी मेमू ट्रेन, बिजुरी और कोतमा रेलवे स्टेशन के बाद इंजन में आ गई खराबी
2 min read
Memo train
Memo train demo pic

बिश्रामपुर। अंबिकापुर-अनूपपुर के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन (Memo train) के लगातार विलंब से परिचालन को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को ट्रेन संख्या 68758 का इंजन बीच रास्ते में फेल होने से सैकड़ों यात्री करीब 2 घंटे तक जंगल क्षेत्र में फंसे रहे। इस दौरान पिता के साथ परीक्षा देने भोपाल जा रही एक छात्रा की परीक्षा छूट गई। इधर बाद में मेमू ट्रेन को कोतमा तक लाकर रद्द कर दिया गया। शुक्रवार को भी उक्त मेमू ट्रेन निरस्त रही।

मेमू ट्रेन गुरुवार शाम 6.10 बजे अंबिकापुर से अनूपपुर के लिए रवाना हुई थी, जिसका निर्धारित आगमन समय रात 10 बजे अनूपपुर है। लेकिन बिजुरी और कोतमा के बीच भैयाटोला के पास अचानक पावर इंजन (Memo train) के पाइप में खराबी आ गई, जिससे ट्रेन बीच जंगल में रुक गई।

करीब 2 घंटे बाद दूसरे इंजन की व्यवस्था कर ट्रेन (Memo train) को कोतमा तक लाया गया, जहां से उसे रद्द कर दिया गया। अचानक ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन में सवार बिश्रामपुर निवासी चरणजीत सिंह ने बताया कि वे अपनी पुत्री श्रेया को बीकॉम ऑनर्स की परीक्षा दिलाने भोपाल ले जा रहे थे।

उन्हें अनूपपुर से अमरकंटक एक्सप्रेस पकडऩी थी, लेकिन मेमू ट्रेन की देरी के कारण वे समय पर अनूपपुर नहीं पहुंच सके। कोतमा में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के ट्रेन (Memo train) रद्द कर दी गई, जिससे उनकी पुत्री की परीक्षा छूट गई।

Memo train: यात्री बोले- अक्सर विलंब चलती है मेमू ट्रेन

यात्रियों का कहना है कि अंबिकापुर-अनूपपुर मेमू (Memo train) अक्सर विलंब से चलती है, जिससे कनेक्टिंग ट्रेनें छूट जाती हैं और आगे की यात्रा प्रभावित होती है। लगातार लेटलतीफी और अब तकनीकी खराबी के कारण लोग मेमू ट्रेन की उपयोगिता पर सवाल उठा रहे हैं।

यात्रियों ने आरोप लगाया कि रेल प्रबंधन मालगाडिय़ों को प्राथमिकता देता है, जबकि यात्री ट्रेनों को बीच रास्ते खड़ा कर दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर रेल प्रशासन की ओर से शुक्रवार को भी मेमू ट्रेन रद्द कर दी गई थी, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई थी।

Published on:
27 Feb 2026 08:38 pm