
Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के पंडित रेवतीरमण मिश्र शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कन्या छात्रावास का विवाद अब कलेक्टोरेट तक पहुंच गया है। गुरुवार शाम छात्रावास की छात्राओं ने जिला संयुक्त कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर रेना जमील से मुलाकात की। छात्राओं ने प्रभारी छात्रावास अधीक्षिका नीरजा भगत के खिलाफ कई शिकायतें रखते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।
छात्राओं ने शिकायत में प्रभारी अधीक्षिका पर कथित रूप से दबाव बनाने और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि उन्हें विभिन्न मामलों में परेशान किया जाता है। इसके अलावा मेस का संचालन करने वाले महिला स्व सहायता समूह से हर महीने कमीशन मांगने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
छात्राओं की शिकायत में सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप भी शामिल है। छात्राओं का कहना है कि उनसे जिस कागज पर हस्ताक्षर कराए गए, उस पर बाद में क्या लिखा जाएगा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। छात्राओं ने इस मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य से भी शिकायत की जा चुकी है।
छात्राओं के मुताबिक महाविद्यालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत नीरजा भगत को वर्तमान में कन्या छात्रावास का प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, वीरेंद्र सिन्हा की नए छात्रावास अधीक्षक के रूप में नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक छात्रावास का प्रभार नहीं सौंपा गया है। इसको लेकर भी छात्राओं ने सवाल उठाए हैं।
छात्राओं ने हॉस्टल वार्डन रीना ताज के व्यवहार की सराहना की है। छात्राओं ने उन्हें सहयोगी और मित्रवत बताया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रभारी अधीक्षिका की ओर से वार्डन पर कुछ छात्राओं को नाइट आउट की अनुमति देने का दबाव बनाया गया था। छात्राओं का आरोप है कि वार्डन द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद उन्हें भी कथित रूप से प्रताड़ित किया गया।
पंडित रेवतीरमण मिश्र शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य एचएन दुबे ने कहा कि छात्राओं की शिकायत संज्ञान में आई है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने भी प्रभारी अधीक्षिका को नवपदस्थ अधीक्षक को प्रभार सौंपने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक प्रभार नहीं सौंपा गया है। उन्होंने छात्राओं के कलेक्टोरेट पहुंचकर शिकायत करने की जानकारी होने की बात कही।
छात्राओं ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आवश्यक कार्रवाई करने और छात्रावास में शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है। कलेक्टर ने शिकायतों की जांच कराने और जांच के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई का भरोसा दिया है।