
नवसारी. बिलीमोरा के शांतिनाथ जैन देरासर में विराजित आचार्यों के सान्निध्य में शनिवार को उपधान तप का प्रारंभ किया गया। जिसमें 135 मुमुक्षुओं ने 47 दिनों तक संसारी मोह माया का त्याग किया।
जानकारी के अनुसार चातुर्मास के दौरान विजय प्रबोधचंद्र सुरीश्वर महाराज और साध्वी भगवंत सिध्वशीला के पावन निश्रा में आत्मा को जागृत करने की उत्तम साधना उपधान तप का प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर जैनाचार्य ने आराधकों समेत उपस्थितों को उपधान तप की महिमा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संयमित जीवन के बिना मोक्ष संभव नहीं है। आत्मा को परमात्मा की ओर ले जाने वाला उपधान तप 47 दिनों की अखंड साधना है। जानकारी के अनुसार इस अवसर पर विशेष अनुष्ठान, पूजन, ध्यान दर्शन, जैन दर्शन चरित्र आराधना, नवकार महामंत्र का लाभ श्रावकों को मिला। शनिवार सुबह छह बजे आराधकों को प्रवेश करवाकर उन्हें तप आराधना की क्रिया करवाई गई।
मेधावी छात्रों को स्कॉलरशीप का वितरण
वापी. श्रीराम फाउंडेशन द्वारा शनिवार को जिले के 178 छात्रों को स्कॉलरशिप का वितरण किया गया। यह सभी छात्र कक्षा सातवीं और आठवीं में सरकारी स्कूल के छात्र हैं। पारडी के मोरारजी देसाई आडिटोरियम में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में छात्रों के साथ अभिभावक उपस्थित थे। श्री राम फाउन्डेशन की ओर से बताया गया है कि इन सभी छात्रों को कक्षा 12 वीं तक 60 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने पर हर साल स्कॉलरशीप दी जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षाविद जय वशी ने अपने संबोधन में ज्यादा प्रतिशत के लिए बच्चों पर दबाव डालने की प्रवृत्ति का उल्लेख करते हुए अभिभावकों को कहा कि इससे बच्चे की नैसर्गिक प्रतिभा कुंठित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभिभावक बच्चों पर दबाव डालने से पूर्व पहले यह सोचेें कि उन्होंने छात्र जीवन में कितने अंक प्राप्त किए थे। सरकारी स्कूल के छात्रों को स्कॉलरशिप देने के लिए उन्होंने श्रीराम फाउंडेशन की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में वापी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत ठक्कर, वलसाड एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र ढिल्लन के अलावा ग्रुप के गुजरात जोन हेड निलेश ओडेदरा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।