सीने में दर्द की शिकायत पर निकाला था लॉक-अप से बाहर
सूरत.
चोरी के मामले में पकड़ा गया एक आरोपी गुरुवार सुबह कतारगाम थाने के पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी खोज में संभावित स्थानों पर टीमें भेजीं, लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चला।
पुलिस के मुताबिक अमरेली जिले के चक्करगढ़ देवलिया निवासी भरत पादरिया को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हीरा कारखाने में काम करने वाले भरत और उसके साथी के खिलाफ कारखाने के संचालक ने एक लाख रुपए के हीरों की चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। बुधवार को उसे गिरफ्तार कर थाने के लॉक-अप में रखा गया था। रात को उसने थाना अधिकारी से सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की तो उसे लॉक-अप से निकालकर बाहर बैंच पर बिठा दिया गया। सुबह शिफ्ट बदलने के समय वह मौका देखकर थाने से भाग निकला। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले न्यू सिविल अस्पताल से एक महिला कैदी महिला पुलिसकर्मी को चकमा देकर भाग निकली थी।
दुकान से सूखे मेवे और चॉकलेट पार
सूरत. पूणागाम इलाके की एक किराना दुकान से चोर सूखे मेवे और चॉकलेट समेत १८ हजार ६०० रुपए का सामान चुरा ले गए। पुलिस के मुताबिक चोरी लाभू भा सोसायटी के नाके पर अन्नपूर्णा ट्रेडर्स नाम की दुकान में हुई। रात ग्यारह बजे बाद शटर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। वह दुकान से चार किलो काजू, चार किलो बादाम, दो किलो पिस्ते, चॉकलेट के ७ बॉक्स और ६ हजार रुपए नकद चुरा ले गए। घटना के संबंध में परवत पाटिया स्वप्नसृष्टि अपार्टमेंट निवासी दुकानदार शंकर धूत ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
पुलिस बताकर ले उड़े आभूषण
नवसारी. कबीलपोर में सिलवासा से विवाह समारोह में गए वृद्ध दंपती को झांसा देकर दो बदमाश 70 हजार रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस जांच शुरु कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे के फूटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार सिलवासा के मधुबन कॉलोनी निवासी कांति भगू राठौड़ पत्नी सुमित्रा के साथ गुरुवार को विवाह समारोह में शामिल होने नवसारी आए थे। समारोह में जाने से पहले दोनों कबीलपोर के वाघेश्वरी माता मंदिर के पास रहने वाले रिश्तेदार से मिलने गए थे। वहां से समारोह में जाने के लिए दोनों रिक्शा का इंतजार कर रहे थे, उसी दौरान दो शख्स वहां पहुंचे और खुद को पुलिसवाला बताया। उन्होंने कहा कि कल रात को यहां चोरी हुई थी, जिसकी जांच हो रही है। ऐसे में इस तरह आभूषण पहन कर निकलना ठीक नहीं है। उनकी बातों में आकर दंपति ने सोने की चेन, अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र निकालकर उन्हें दे दिया। दोनों ने उसे कागज में लपेटकर दंपति को दे दिया और वहां से चले गए। कुछ देर बाद दंपति ने देखा तो आभूषण उस कागज में नहीं थे। दोनों बदमाश नजर बचाकर गहने चुराकर फरार हो गए थे। इसकी जानकारी राठौड़ दंपति ने परिचित को बताई तो वह उन्हें लेकर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर ग्रीड नवसारी मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया है। पुलिस के अनुसार एक जगह के सीसी कैमरे में दोनों बदमाश बाइक पर जाते दिख रहे हैं।