सूरत

ऐसा क्या हुआ जो अपने ही घर के लिए सैकड़ों लोग बैठ गए धरने पर

आंजणा टेनामेंट का मामला, रिडवलपमेंट से पहले रिहाइश की मांग को लेकर प्रदर्शन

2 min read
Sep 01, 2018
ऐसा क्या हुआ जो अपने ही घर के लिए सैकड़ों लोग बैठ गए धरने पर

सूरत. लिंबायत जोन में मान दरवाजा के निकट आंजणा टेनामेंट के लोगों ने शनिवार को मनपा मुख्यालय पर प्रदर्शन कर वैकल्पिक रिहाइश की व्यवस्था की मांग की। उन्होंने कहा कि टेनामेंट के रिडवलपमेंट का विरोध नहीं है, लेकिन इस दौरान रहने के लिए जगह की व्यवस्था भी मनपा को करनी चाहिए।

मान दरवाजा के पास आंजणा टेनामेंट में 320 आवास हैं। मनपा प्रशासन जर्जर हो चुके आंजणा टेनामेंट के रिडवलपमेंट पर काम कर रहा है। इसके लिए वहां रह रहे 80 फीसदी लोग अपनी सहमति भी दे चुके हैं। रिडवलपमेंट का काम शुरू करने के लिए मनपा प्रशासन ने पिछले दिनों यहां रह रहे लोगों को नोटिस जारी कर टेनामेंट खाली करने के लिए कहा था। मनपा का नोटिस मिलने के बाद से वहां रह रहे लोग परेशान हैं। उनके पास सिर छिपाने को भी जगह नहीं है। ऐसे में तुरत-फुरत टेनामेंट खाली करके जाना संभव नहीं दिखता।

ये भी पढ़ें

पहले बताओ, कैसे रोकोगे तापी का पानी?

इस मामले को लेकर पार्षद असलम साइकिलवाला के नेतृत्व में आंजणा टेनामेंट निवासी शनिवार शाम मनपा मुख्यालय मुगलीसरा पर जमा हुए। मनपा आयुक्त एम थेन्नारसन की अनुपस्थिति में डिप्टी कमिश्नर और लिंबायत जोन के जोनल चीफ एनवी उपाध्याय से मिलकर आंजणा टेनामेंट निवासियों के लिए वैकल्पिक आवास की मांग की। असलम ने कहा कि 320 परिवारों के लिए किराए पर घर लेकर जीवन बसर आसान नहीं है। यह टेनामेंट भी मनपा का है और इसे रिडवलपमेंट में लिया गया है। ऐसे में मनपा प्रशासन को ही लोगों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था भी करनी चाहिए।

इसके बाद असलम साइकिलवाला ने महापौर जगदीश पटेल से मुलाकात की और मामला उनके समक्ष रखा। असलम ने महापौर से पूरे मामले पर सहानुभूतिपूर्ण रवैये की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए दो वक्त की रोटी कमाना भी चुनौती हो, किराए पर मकान लेकर शहर में रह पाना संभव नहीं। जर्जर हो चुके टेनामेंट में हर पल जिंदगी खतरे के बीच गुजरती है। वहां रह रहे लोग भी इसके रिडवलपमेंट के मनपा के प्रस्ताव में सहयोग को तैयार हैं। उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों को वैकल्पिक आवास मुहैया कराने के साथ ही रिडवलपमेंट का काम भी युद्ध स्तर पर कराया जाए, जिससे लोग जल्द अपने आवासों में लौट सकें। महापौर ने आयुक्त के साथ बात कर आगामी दिनों में इस मसले के सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें

समझो इशारे… जंगल में ऐसे होगा मंगल

Published on:
01 Sept 2018 08:27 pm
Also Read
View All