सूरत

मिलिनियम मार्केट में आगरा के व्यापारी की मौत

न्यू सिविल अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

2 min read
Mar 06, 2018
file photo

सूरत.

शहर के कपड़ा बाजार मिलिनियम मार्केट में उत्तर प्रदेश के आगरा से साड़ी खरीदने आया व्यापारी अचानक बेहोश हो गया। दुकानदार उसे न्यू सिविल अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। व्यापारी तथा चिकित्सकों ने हृदयघात से मौत की आशंका जताई है।


सलाबतपुरा पुलिस के अनुसार आगरा बलकेश्वर स्थित लोहिया नगर निवासी सोनु ओमप्रकाश अग्रवाल (३९) कपड़े के व्यवसाय से जुड़े थे। वह मंगलवार को खरीदी के लिए सूरत आए हुए थे। सोनू मंगलवार दोपहर मिलिनियम मार्केट में बी १०५७ के विप्रो लहंगा दुकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान चाय पीते हुए अचानक वह बेहोश हो गए। दुकान मालिक हेमंत फतेलाल सोलंकी उसे इलाज के लिए न्यू सिविल अस्पताल लेकर आए। ट्रोमा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित किया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। चिकित्सकों ने मौत का प्राथमिक कारण हृदयघात बताया है। इसके बाद भी शव से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उसकी रिपोर्ट के बाद मौत का कारण बताया जाएगा। परिजनों ने बताया कि सोनू नियमित रूप से कपड़े की खरीदी के लिए सूरत आते रहते थे। इस बार वह सूरत आए और आढत गिरीश शर्मा के साथ कपड़े की खरीदी के लिए मार्केट गए थे, जहां यह घटना हो गई। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को गोल्डन टेम्पल मेल एक्सप्रेस से ले गए।


रेलवे ने दिया सहयोग
आगरा मंडल नागरिक संघ से जुड़े अनुपम गोयल ने बताया कि सूरत में रहने वाले उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्य के लोगों की हादसे में मौत के बाद शव को उनके गांव ले जाने में काफी परेशानी होती है। निजी एम्बुलेंस मनमाना रेट वसूलते हंै जो आम आदमी की पहुंच से काफी दूर होता है। राज्य सरकार गुजरात तक की सीमा में एम्बुलेंस व शव वाहिनी की सेवा देती है। सोनू के परिजन ट्रेन से शव को ले जाने के लिए पार्सल विभाग में प्रबंधक से मिले। उन्होंने पन्द्रह मिनट में कार्रवाई पूरी करके शव को मथुरा तक भेजने की व्यवस्था कर दी।

Published on:
06 Mar 2018 10:19 pm