
नवसारी. नवसारी नगरपालिका समीप सब्जी मंडी में रविवार शाम दो आवारा बैल आपस में भिड़ गए। बैलों की लड़ाई के दौरान एक बुजुर्ग महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें समीप के अस्पतालों में पहुंचाया गया। जहां बुजुर्ग महिला की उपचार मिलने से पूर्व ही मौत हो गई। जबकि एक युवक के एक पैर में फैक्चर हुआ, वहीं अन्य दो की जानकारी नहीं मिल पाई है।
नवसारी नगरपालिका समीप स्थित सब्जी मंडी में रविवार शाम सरोज नवनीतलाल कंसारा (72) निवासी वांदरी मोहल्ला, नवसारी सब्जी खरीदने गई थी। उस समय दो बैल आपस में लडऩे लगे। एक बैल रामजी मंदिर की ओर भागा। इसके पीछे दूसरा बैल भी भागा। दोनों भागते-भागते मंडी में सब्जी खरीद रहे लोगों को घायल करते गए। इसमें सरोज कंसारा को टक्कर लगने से उनके हाथ व सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं भरत ठाकोर पटेल भी टक्कर लगने से नीचे गिरा। उसके दोनों पैरों पर से बैल निकल गए। अन्य दो जनों को भी बैलों ने शिकार बनाया। हादसे में गंभीर घायल सरोज कंसारा को तत्काल पारसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार मिलने से पूर्व ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल के डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित किया। उधर भरत पटेल के एक पैर में फैक्चर बताया गया, जिसका दूधिया तालब समीप लायन्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। जबकि एक युवक व एक महिला भी घायल होने की चर्चा बाजार में थी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर शहर पुलिस हरकत में आई। मामले में दुर्घटना मौत दर्ज कर जांच शुरू की है।
आवारा पशुओं के लिए 10 लाख का आवंटन, कार्रवाई नहीं
नवसारी नगर पालिका क्षेत्र में वर्षों से आवारा पशुओं की शिकायतें उठती रही हैं। लोगों की शिकायतों के बाद पालिका ने पशुओं को पकडऩे के लिए 10 लाख रुपए आवंटित किए थे। पालिका की कोताही के चलते आज भी शहर में बड़ी संख्या में आवारा पशु घूमते नजर आते हैं। इसके कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार होते हंै, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। नवसारी नगरपालिका की कोताही के चलते रविवार को पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष नितीन कंसारा की मौसी सरोज कंसारा की मौत हो गई।