
वापी. सूरत के लंबे हनुमान रोड निवासी एक युवक को पुलिस ने एटीएम तोडऩे के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह सूरत से दमण घूमने आया था।
बताया गया है कि आरोपी अभिषेक झा दमण घूमने आया था। वहां से शराब के नशे में वह वापी के कोपरली रोड स्थित अनुकूल अपार्टमेन्ट स्थित बैंक के एटीएम में पहुंच गया। वहां उसने पहले रुपए निकालने की कोशिश की मगर सफल नहीं हो पाया। जिसके बाद पास में कहीं से वह सरिया ले आया और मशीन में तोडफ़ोड़ की।
वह इतना नशे में था कि बाद में एटीएम में ही सो गया। तड़के इसका पता चलने पर पुलिस बुलाकर उसे सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार सीसी फूटेज में पूरी घटना कैद हो गई है। घटना के दौरान वहां सिक्योरिटी गार्ड के मौजूद न रहने को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
नदी से मिला महिला मजदूर का शव
नवसारी. जिले के आमडपोर गांव के समीप पूर्णा नदी से एक महिला मजदूर का शव बरामद हुआ है। जिसकी पहचान इंदु जंगलिया पाडवी (45) के रुप में हुई है और वह गन्ना मजदूर थी। मूलत: तापी के निझर निवासी इंदु यहां नदी किनारे पिनसाड गांव में गन्ना मजदूरों के पडाव मे रहती थी। बताया गया है कि वह शनिवार को होली पर भांग मांगने निकली थी। वहीं होली खेलने के बाद वह नदी में नहाने गई थी। जहां नहाते समय डूब गई थी और पानी में बह गई थी। बाद में शव बहते हुए आमडपोर तक पहुंच गया। जहां नानू राठोड ने शव के बारे में ग्रामीण पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाने के बाद पोस्टमोर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था। शिनाख्त होने के बाद पुलिस मामला दर्ज किया है।
राजस्थानी महिला की चेन छीनी
सूरत.परवत पाटिया इलाके में शनिवार शाम एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोशों ने एक राजस्थानी महिला से उसकी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। चेन की कीमत ७५ हजार रुपए बताई गई है। घटना के संबंध में गोडादरा अंबिका हाइट्स निवासी सुनीता पत्नी ओमप्रकाश परमार ने पूणागाम थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस के मुताबिक राजस्थान के पाली जिले के रोहट की मूल निवासी सुनीता शाम पांच बजे वनिता के साथ आईमाता रोड पर क्षेत्रपाल मेडिकल स्टोर के निकट ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रही थी। उस दौरान एक मोटरसाइकिल पर आए युवकों में से एक ने वनिता की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। २५-२६ साल के इन युवकों ने अपने मुंह पर रूमाल बांध रखे थे।
Published on:
04 Mar 2018 08:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
