
सूरत.
गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं विज्ञान वर्ग के प्रश्नपत्रों का ब्ल्यू प्रिंट जारी किया है। प्रश्नपत्र एनसीइआरटी पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किए गए हैं। 2020 की परीक्षा में एनसीइआरटी पाठ्यक्रम से ही प्रश्न पूछे जाएंगे। स्कूलों को इन प्रश्नपत्रों के आधार पर तैयारी करवाने का निर्देश दिया गया है।
GSEB : गुजरात बोर्ड स्कूल में लागू करनी होगी एनसीइआरटी किताब
राज्य शिक्षा विभाग कई साल से 10वीं और 12वीं के पाठ्यक्रम में बदलाव कर रहा है। कक्षा 1 से 12वीं तक सीबीएसइ पाठ्यक्रम धीरे-धीरे शामिल किया जा रहा है। सीबीएसइ बोर्ड में एनसीइआरटी की किताबें पढ़ाई जाती हैं। ज्यादातर प्रतियोगिता परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी एनसीइआरटी की किताबों से तैयार किए जाते हैं। इस शैक्षणिक सत्र से गुजरात बोर्ड ने सभी स्कूलों को एनसीइआरटी की किताबों से तैयार की गईं गुजरात बोर्ड की नई किताबें पढ़ाने का आदेश दिया था।
अब बोर्ड ने एनसीइआरटी किताबों के आधार पर प्रश्नपत्रों का ब्ल्यू प्रिंट तैयार किया है। इसे वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। 12वीं विज्ञान वर्ग के सभी मुख्य विषयों के ब्ल्यू प्रिंट तैयार किए गए हैं। इनमें हिन्दी, गुजराती, अंग्रेजी के साथ गणित, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान शामिल हैं। ब्ल्यू प्रिंट गुजराती के अलावा हिन्दी और अंग्रेजी में भी तैयार किए गए हैं, जिससे किसी भी माध्यम के विद्यार्थी को परेशानी न हो।
SURAT EDUCATION : छात्र की पिटाई से गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल में घुसकर की शिक्षक की धुलाई
चलाया था पायलेट प्रोजेक्ट
गुजरात बोर्ड ने राज्य के कई स्कूलों में दो साल पहले एनसीइआरटी का पायलेट प्रोजेक्ट शुरू किया था। प्रोजेक्ट में गुजरात बोर्ड के 10वीं के विद्यार्थियों को सीबीएसइ की किताबें पढ़ाई गई थीं। विद्यार्थियों के लिए बोर्ड ने अलग से एनसीइआरटी की किताबों से प्रश्नपत्र तैयार किया था। इसके अच्छे परिणाम पर 11वीं और 12वीं में यह प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। इस प्रोजेक्ट में सबसे अधिक सूरत के स्कूल शामिल थे। सूरत से सर्वाधिक विद्यार्थियों ने एनसीइआरटी की किताबों से तैयार गुजरात बोर्ड के प्रश्नपत्रों की परीक्षा दी थी।