
सूरत। दक्षिण गुजरात में मानसून का रौद्र रूप सोमवार को भी देखने को मिला। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच सूरत, नवसारी, वलसाड, तापी और डांग जिलों में दिनभर मूसलाधार बारिश होती रही। सबसे ज्यादा असर सूरत शहर में दिखाई दिया, जहां शाम के समय महज दो घंटे में करीब चार इंच बारिश दर्ज होने से सड़कें दरिया बन गईं। कई आवासीय सोसायटियों और निचले इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह वीडियो भी देखें
लगातार बारिश के बीच सूरत में एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के मुताबिक रांदेर क्षेत्र में गरज-चमक और तेज बारिश के दौरान खुले स्थान पर काम कर रहे आजम (25) और सलमान (35) अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
यह वीडियो भी देखें
लगातार हो रही मानसूनी बारिश का असर अन्य जिलों में भी दिखाई दिया। डांग जिले में पिछले चौबीस घंटे से जारी वर्षा के कारण कई निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। खेतों में पानी भरने से किसानों में खुशी है, लेकिन कई कोजवे और पुलों के ऊपर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने वघई क्षेत्र के तीन मार्ग एहतियातन बंद कर दिए हैं, जबकि जहां संभव है वहां वैकल्पिक मार्ग शुरू किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और पुलों पर बहते पानी को पार नहीं करने तथा केवल प्रशासन की सलाह के अनुसार ही यात्रा करने की अपील की है। सापुतारा के सनराइज प्वाइंट घाट मार्ग पर गिरे पत्थरों और मलबे को हटाकर रास्ता सुरक्षित किया गया। मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात में अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए, जिससे मुंबई-अहमदाबाद रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। सोमवार शाम करीब चार बजे तक मुंबई की ओर से अहमदाबाद के लिए कोई भी ट्रेन नहीं पहुंच सकी। वहीं, अहमदाबाद की ओर से मुंबई जाने वाली कई ट्रेनों को वलसाड और वापी स्टेशन पर ही रोककर वापस भेजना पड़ा।