
सूरत
सूरत आयकर कमिश्नरेट की टैक्स डिफॉल्टर्स के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पिछले वित्तीय वर्ष दो संपत्तियों की नीलामी और रिकवरी सर्वे कर करोड़ों रुपए वसूलने के बाद इस साल भी विभाग ने नीलामी की कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने सोमवार को एक टैक्स डिफॉल्टर पर कार्रवाई करते हुए 9.27 लाख रुपए वसूल किए।
आयकर विभाग को वापी के कंस्ट्रक्शन ठेकेदारी के व्यवसाय से जुड़े करदाता से पिछले वर्षों के तीन करोड़ रुपए वसूलने थे। विभाग करदाता को बार-बार टैक्स चुकाने के लिए निर्देश दे रहा था, लेकिन करदाता की ओर से टैक्स चुकाने के लिए कोई तैयारी नहीं दिखाए जाने पर विभाग ने कुछ दिन पहले वापी के सहारा मार्केट में उसकी दुकान जब्त कर नीलामी की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद भी करदाता ने टैक्स नहीं चुकाया। सोमवार को विभाग के बड़े अधिकारियों की उपिस्थिति में दुकान की नीलामी कर दी गई। विभाग की ओर से आधार कीमत 8.89 लाख रुपए तय की गई थी। ग्राहक ने दुकान 9.27 लाख रुपए में खरीद ली। आयकर मुख्य आयुक्त अजयदास मेहरोत्रा ने पिछले दिनों भी करदाताओं से टैक्स समय पर भरने की अपील की थी.माना जा रहा है कि संभवत: यह देशभर में वर्तमान वित्तीय वर्ष की पहली नीलामी है।
डिप्टी कमिश्नर का तबादला
सूरत. सेंट्रल जीएसटी विभाग की प्रिवेन्टिव शाखा में कार्यरत डिप्टी कमिश्नर सचिन सिंह का तबादला नई दिल्ली में प्रधानमंत्री औषधि योजना में सीईओ के पद पर किया गया है। सचिन सिंह 26 अप्रेल को सूरत से पदमुक्त होंगे और एक मई को दिल्ली में चार्ज संभालेंगे। प्रधानमंत्री औषधि योजना के तहत देशभर में 3200 स्टोर खोले गए हैं।
एनटीपीसी-कवास में मोक ड्रिल
एनटीपीसी लिमिटेड कवास गैस पावर प्रोजेक्ट, सह नियामक औद्योगिक सुरक्षा एवं आरोग्य गुजरात सरकार के सहयोग से आपातकालीन तैयारी योजना पर मंगलवार को मोक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान एनटीपीसी कवास प्रोजेक्ट के नेफ्था टैंक में भारी मात्रा में नेफ्था के रिसाव के कारण लगी आग पर नियंत्रण तथा आपातकालीन तैयारी का अभ्यास किया गया। मोक ड्रिल में सूरत महानगर पालिका, अग्निशमन विभाग, आरटीओ, पुलिस, आपातकालीन व्यवस्थापन विभाग, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, हजीरा औद्योगिक नोटिफाइड एरिया की क्रिभको, रिलायंस, ओएनजीसी, अदानी, एचपीसीएल, आईओसी, जीपीसीबी, एनटीपीसी-कवास सीआईएसएफ अग्निशमन विंग तथा अन्य सरकारी संस्थाओं ने हिस्सा लिया।