सूरत

तोते ने पहुंचा दिया थाने

तोता बेचने के आरोप में वन विभाग ने एक को पकड़ा
2 min read
• •
Updated: 7 Sep 2018, 8:30 PM IST
patrika
तोता बेचा दो साल पहले, पकड़ा अब

वापी. नानापोंढा वन विभाग की टीम ने गुरुवार रात वापी के गोल्ड कॉइन सर्कल से एक व्यक्ति को दो साल पहले पहाड़ी तोता बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गत दिनों कपराडा के बाबर खडक़ गांव में वापी के बिल्डर्स के फार्म हाउस में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए लोगों से पूछताछ में इस शख्स का नाम सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को कपराडा के बाबर खडक़ गांव में वापी निवासी बिल्डर्स अरशद खान के फार्म हाउस पर वन विभाग ने छापेमारी कर कालियर हिरन की जोड़ी और छह पहाड़ी तोता बरामद किए थे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। बिल्डर को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ में अरशद ने वापी गोल्डकॉइन सर्कल के पास स्थित बिल्डिंग में एक्वेरियम चलाने वाले शख्स से पहाड़ी तोता खरीदने की जानकारी दी थी। गुरुवार रात को नानापोंढा आरएफओ अभिजीत सिंह राठोड अपनी टीम के साथ अरशद खान को लेकर वापी आए और उसकी निशानदेही पर गोल्डकॉइन सर्कल के पास से रफीक मंसूरी को पकड़ा।

वापी वन विभाग कार्यालय पर लाकर की गई पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि दो साल पहले उसने तोता बेचा था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरएफओ अभिजीतसिंह राठौड़ ने बताया कि वन विभाग कानून के तहत ऐसा करना अपराध है।

मनाया शिक्षक दिवस

वापी. वापी के आइएनआइएफडी इंस्टीट्यूट में फैशन और इंटीरियर के विद्यार्थियों ने गत दिनों शिक्षक दिवस मनाया। इस अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति स्व. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया गया। शिक्षक दिवस के आयोजन में विद्यार्थियों ने अलग अलग विषयों के शिक्षक की भूमिका निभाते हुए अन्य विद्यार्थियों को पढ़ाया। इस अवसर पर केक भी काटा गया।

जुआ खेलते सात गिरफ्तार

वलसाड. धरमपुर के खारवेल में पुलिस ने जुआ खेलते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना पर धरमपुर पुलिस ने गांव के नागरिया फलिया में छापा मारा था। जहां खुले में जुआ खेलते सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मौके से 11 हजार 430 रुपए भी जब्त किए थे। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु की गई है।

Updated on:
7 Sep 2018, 8:30 PM IST
Published on:
Also Read
View All