
सूरत
ग्रे बाजार में बीते सप्ताह अच्छी बिक्री के अभाव में वीवर्स ने तमाम क्वॉलिटी में दाम स्थिर रखे। हालांकि आगामी दिनों में अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
कपड़ा बाजार में रक्षाबंधन, तीज आदि त्योहारों की खरीद शुरू हुई है। अभी अपेक्षा से कम ऑर्डर मिलने के कारण व्यापारी ज्यादा ग्रे खरीदने से कतरा रहे हैं। कई व्यापारी पिछला स्टॉक क्लीयर करने में लगे हैं। इससे ग्रे का व्यापार सामान्य है। हालात को देखते हुए वीवर्स ने ग्रे के दाम यथावत रखे। कपड़ा व्यवसायी रमेश शर्मा और सज्जन महर्षि के अनुसार बीते सप्ताह तमाम क्वॉलिटी में खरीद मध्यम रही। बाजार में धीरे-धीरे खरीद जोर पकड़ रही है। आगामी दिनों में खरीद अच्छी रहने की उम्मीद है। भिवंडी ग्रे बाजार में भी कारोबार मध्यम रहा। ग्रे व्यवसायी गिरधारी साबू ने बताया कि भिवंडी में तेज बारिश के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है। तमाम क्वॉलिटी में दाम यथावत रहे।
यार्न बाजार भी सामान्य
कपड़ा बाजार में त्योहारों की खरीद का यार्न बाजार में कोई असर नहीं दिख रहा है। वीवर्स आवश्यकतानुसार खरीद कर रहे हैं। इसलिए क्रूड ऑइल और यार्न की बढ़ती कीमतों के बावजूद पिछले हफ्ते यार्न उत्पादकों ने दाम यथावत रखे। कुछ डेनियर में दाम एक रुपए बढ़े, लेकिन वीवर्स ने बढ़ी कीमत पर यार्न खरीदने से इनकार कर दिया। ऐसे में यार्न व्यवसायियों ने कम कीमत पर सौदे किए। यार्न व्यवसायी राकेश कंसल और बकुलेश पंड्या ने बताया कि यार्न बाजार में बीते सप्ताह कामकाज मध्यम रहा। यार्न उत्पादकों की ओर से यार्न की कुछ क्वॉलिटी में दाम बढ़ाने की कोशिश की गई, लेकिन कमजोर खरीद के कारण नहीं बढ़ा सके। नायलोन यार्न में भी सप्ताह की शुरुआत में यार्न उत्पादकों ने दाम आठ रुपए दाम बढ़ा दिए थे, लेकिन वीवर्स के विरोध के बाद चार रुपए घटाने पड़े थे। हालांकि आगामी दिनों में अच्छे व्यापार की उम्मीद है