सूरत

दुकानों और ठेलों के अतिक्रमण पर भी सख्त हुई मनपा

दूसरे दिन भी हटाए गए लारी-गल्ले, रास्तों में खड़े वाहनों पर गिरी गाज
2 min read
• •
Updated: 3 Aug 2018, 9:59 PM IST
patrika
दुकानों और ठेलों के अतिक्रमण पर भी सख्त हुई मनपा

सूरत. राज्य सरकार की पहल पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार को लेकर गुरुवार को सूरत में शुरू हुआ अभियान दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। पुलिस सुरक्षा में मनपा टीम ने शहर के व्यवस्ततम रास्तों पर कार्रवाई कर सड़क किनारे लगे लारी-गल्लों और ठेलों को हटाया। रास्ते में खड़े टैम्पो और अन्य वाहनों पर भी मनपा का डंडा चला।

अहमदाबाद में ट्रैफिक समस्या को लेकर पुलिस और मनपा की ओर से अभियान शुरू किए जाने के बाद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने प्रदेश के सभी सात महानगरों में अभियान शुरू करने के आदेश दिए थे। गुरुवार से सूरत महानगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए रास्ते चौड़े कराने शुरू किए। इसकी शुरुआत रिंगरोड के कपड़ा मार्केट से हुई। अभियान के पहले दिन अचानक हुई कार्रवाई से कपड़ा कारोबारी सकते में आ गए थे।

अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को मनपा टीम ने शहरभर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। विभिन्न जोन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान रिंगरोड क्षेत्र, उधना दरवाजा, वाल सिटी समेत अन्य इलाकों में रास्ते पर लगाई गई दुकानें, ठेले-खोमचे वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मनपा दस्ते ने बड़ी संख्या में लारी-गल्ले जब्त किए।

और तेज होगी कार्रवाई

शहर की उन व्यस्ततम जगहों पर, जहां शाम घिरते ही खाने-पीने की लारियां सजती हैं, मनपा टीम ने शाम होने का इंतजार किया। जैसे ही लारियां सजने लगीं, दस्ता मौके पर पहुंचा और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की। अतिक्रमण दस्ते के मुताबिक दिनों-दिन कार्रवाई और तेज होगी। इस काम में मुख्यालय की टीम के साथ संबंधित जोन विभागों का दस्ता भी शामिल है।

रेती खनन से हुए गड्ढे में गिरकर मर रहे पशु, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

बारडोली. तहसील के झरीमोरा गांव के सखी मण्डल की महिलाओं ने शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंप गांव से गुजरती तापी नदी में हो रहे अवैध रेती खनन रोकने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि नदी के पट में हो गए गड्ढे में गिर जाने से पशुओं की मौत हो रही है। जानकारी के अनुसार गांव से गुजरती तापी नदी के पट में रेती का खनन हो रहा है। रेती खनन के दौरान नदी के सूखे पट में भी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। नदी के किनारे चरने के दौरान कई मवेशियों की इन गड्ढों में गिर जाने से मौत हो गई। इससे ग्रामीणों मे रोष व्याप्त है। झरीमोरा गाँव के सखी मण्डल की महिलाओं ने गांव में चल रहे अवैध रेती खनन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार को सखी मण्डल की महिलाएं बारडोली तहसीलदार कार्यालय पहुंची। उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंप गांव में हो रहे अवैध रेती खनन को रोकने की मांग की।

Updated on:
3 Aug 2018, 9:59 PM IST
Published on:
Also Read
View All