
सूरत। दक्षिण गुजरात में मानसून के रफ्तार पकड़ते ही जानलेवा बीमारी 'लेप्टोस्पायरोसिस' का प्रकोप एक बार फिर ग्रामीणों के लिए चिंता का सबब बनने लगा है। जुलाई में हुई झमाझम बारिश के बाद सूरत और नवसारी जिलों में इस सीजन के पहले एक-एक पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों ही मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गत 25 जुलाई को सूरत जिले की पलसाणा तहसील के कारेली गांव निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति को नई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लक्षणों के आधार पर कराई गई जांच में लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि हुई। वहीं एक अगस्त को नवसारी जिले के काशीवाड़ी गांव निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग में भी संक्रमण पाया गया, जिनका इलाज नवसारी सिविल अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि जलभराव वाले क्षेत्रों और खेतों में नंगे पांव जाने से बचें तथा बुखार या बदन दर्द के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
मानसून की शुरुआत से पहले क्षेत्रीय उप-निदेशक (आरडीडी) डॉ. सीआर पटेल की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में बचाव की रूपरेखा तैयार की गई थी। इसके तहत जोखिम वाले ग्रामीण इलाकों में 'कीमो प्रोफिलैक्सिस' के रूप में डॉक्सीसाइक्लिन गोलियों के वितरण और जन-जागरूकता अभियान का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद सीजन के शुरुआत में ही मरीज मिलने से रोकथाम के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लेप्टोस्पायरोसिस का मुख्य कारक संक्रमित चूहों और जानवरों का मूत्र होता है, जो जलभराव के दौरान खेतों और रास्तों में फैल जाता है। सूत्रों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से 'एंटी-रोडेंट एक्टिविटी' (चूहा नियंत्रण अभियान) बंद होने के कारण संक्रमण का असर बढ़ने के आसार हैं।
दक्षिण गुजरात में वर्ष 2025 के दौरान लेप्टोस्पायरोसिस के कुल 37 मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक 10 मामले सूरत जिले में दर्ज किए गए, जहां एक मरीज की मौत भी हुई। तापी और नवसारी में 9-9 मरीज मिले, हालांकि नवसारी में किसी की मौत नहीं हुई, जबकि तापी में एक मरीज की जान गई। वलसाड में 4 मामले और एक मौत दर्ज की गई। सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) क्षेत्र में 2 मरीज मिले, लेकिन कोई मृत्यु नहीं हुई। इसके अलावा अन्य जिलों में 3 मामले सामने आए, जहां एक मरीज की मौत हुई।