- रामलीला
सूरत. भगवान श्रीराम राक्षसों का संहार कर अयोध्या के सिंहासन पर विराजमान होते हैं। सभी जीवों में संचेतना का अंकुर प्रस्फुटित होता है। अयोध्यावासी पूरे नगर को सजाते हैं। गीत संगीत वाद्य यंत्रों के साथ मंगलगीत गाए जाते हंै। चारों और हर्ष और उल्लास का माहौल छा गया। श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट द्वारा आयोजित रामलीला में शनिवार को वेसू स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम राज्याभिषेक का मंचन किया गया। इस अवसर पर सुंदर झांकी सजाई गई। इससे पूर्व कलाकारों ने रासलीला की प्रस्तुति दी।
हास्य कवि सम्मेलन आज
रामलीला मैदान में रविवार को हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें नई दिल्ली के डॉ. सुनील जोगी, रायपुर के डॉ. सुरेंद्र दुबे, लखनऊ की डॉ. सुमन दुबे, जबलपुर के सुदीप भोला व इटावा के गौरव चौहान शामिल रहेंगे। कार्यक्रम शाम सात बजे से रात्रि ११ बजे तक चलेगा।
124 यूनिट रक्त एकत्र
सूरत. लायंस क्लब ऑफ सूरत क्रिस्टल द्वारा शनिवार को महिधरपुरा स्थित जदाखड़ी में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। अध्यक्ष सुनीता लोढ़ा ने बताया कि शिविर में 124 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। शिविर ब्लड बैंक के सहयोग से हुआ। शिविर में सुनीता नाहटा, हार्दिक शाह, चेतना शाह व शकुंतला बच्छावत उपस्थित रहीं।
भादरा जन सेवा ट्रस्ट का रक्तदान शिविर आज
सूरत. भादरा जन सेवा ट्रस्ट की ओर से रविवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष शीशपाल बेनीवाल ने बताया कि शिविर कडोदरा स्थित कच्छीवाड़ी पर सुबह ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। शिविर का आयोजन वराछा के समर्पण ब्लड बैंक के सहयोग से किया जा रहा है।
दिव्यांगों ने लिया गरबा का आनंद
सूरत. एसजेवॉयसी फ्यूजन नाइट की ओर से वीआइपी रोड स्थित मारवेला शॉपिंग के निकट गरबा का आयोजन किया गया है। जिसमें दिव्यांगों ने भी हिस्सा लिया।
बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता
सूरत. माहेश्वरी यूथ क्लब सूरत की ओर से 14 से 16 दिसंबर को बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन अलथान में होगा। इसमें कुल 32 टीमें ही हिस्सा ले सकेंगी।