
वलसाड. उदवाड़ा निवासी एक छात्र ने 10वीं का परिणाम आने से पहले ही ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली।
उदवाड़ा के भंडारवाड़ निवासी आदित्य भरत पटेल (17) ने गत वर्ष फेल होने पर इस साल फिर से 10वीं की परीक्षा दी थी। गत रोज उदवाड़ा से विरार की तरफ जाने वाली ट्रेन के नीचे आकर उसने आत्महत्या कर ली। ट्रेन के ड्राइवर ने हादसे की सूचना वापी में दी। मौके पर रेलवे स्टाफ के पहुंचने से पहले ही किसी ने लड़के का शव पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। वापी पुलिस ने पी.एम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।
इस बारे में परिजनों ने बताया कि आदित्य सुबह मंदिर जाने के लिए कहकर घर से निकला था। हालांकि तब तक उसका परिणाम नहीं आया था। उसके बाद मौत की खबर आई। परिणाम देखने पर पता चला कि वह फेल हो गया था। परिजनों को मानना है कि उसने पहले ही इंटरनेट पर अपना रिजल्ट देख लिया होगा और यह कदम उठा लिया।
सत्यसांई विद्यानिकेतन का 100 प्रतिशत परिणाम
नवसारी. केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं बोर्ड परीक्षा में नवसारी जिले की सत्यसांई विद्यानिकेतन निवासी शाला का 100 प्रतिशत परिणाम रहा है। वहीं काव्यकार्तिक पांडे 95.4 प्रतिशत के साथ शाला में प्रथम आया।
नवसारी के गणेश सिसोद्रा गांव, राष्ट्रीय राजमार्ग सख्या 48 समीप की सत्यसांई विद्यानिकेतन निवासी शाला के 62 छात्र परीक्षा में बैठे थे। इसमें से 13 छात्र उच्च डिस्टींक्शन, 10 छात्र डिस्टींक्शन, 12 छात्र फस्र्ट क्लास और 27 छात्र सेकन्ड क्लास से उत्तीर्ण हुए हैं। काव्यकार्तिक राजीवकुमार पांडे 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शाला में प्रथम, केविन दिनेश पटेल 91.8 अंक के साथ दूसरे और रोशनी परेशकुमार पटेल ने 88.4 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
खुशी श्रीवास्तव ने किया वलसाड जिला टॉप
वापी. मंगलवार को सीबीएससी बोर्ड द्वारा दसवीं की परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इसमें श्रीस्वामीनारायण इंग्लिश स्कूल सलवाव की छात्रा खुशी श्रीवास्तव 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ पूरे जिले में प्रथम आई है। स्कूल की छात्रा निधि मंत्री 95.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय, उर्मिला शर्मा 95.6 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर है। इसके अलावा इलियान नूरानी 94.2 प्रतिशत और श्रेया आर सिंह 93.6 प्रतिशत अंकों के साथ क्रमश: चतुर्थ तथा पांचवें स्थान पर रही। स्कूल का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। स्कूल के संस्थापक ट्रस्टी पुराणी स्वामी, ट्रस्टी कपिल स्वामी ने विद्यार्थियों की सफलता पर शुभकामना दी है।
इसके अलावा फेलोशिप मिशन स्कूल में सौम्यजीत शिट 94.8 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल में प्रथम, हिरल वडगामा 93.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय, किस्टीना बाबू 93 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर आई है। वहीं चला स्थित स्वामीनारायण गुरुकुल का परिणाम भी शत प्रतिशत रहा है। स्कूल में 120 छात्रों ने परीक्षा दी और सभी उत्तीर्ण हुए हैं।