सूरत

पांडेसरा में युवक पर तीन राउंड फायरिंग

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

2 min read
Sep 05, 2018
file
पांडेसरा में युवक पर तीन राउंड फायरिंग

सूरत. पांडेसरा क्षेत्र में मंगलवार रात तीन अज्ञात युवक एक युवक पर तीन राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। वारदात को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के मुताबिक घायल युवक का नाम वसंत दयाल है। मूलत: ओडिशा का निवासी वसंत पांडेसरा की भीड़भंजन सोसायटी में सरकारी आवास में रहता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वह आवास के पास खड़ा था, तभी तीन अज्ञात युवक उस पर गोलियां दाग कर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी समेत का काफिला मौके पर पहुंच गया और जांच में जुट गया। हालांकि युवक पर किसने और क्यों फायरिंग की, यह पता नहीं चल पाया है। हालांकि युवक के अवैध शराब कारोबार से जुड़ा होने और आपसी रंजिश में हमले की आशंका पुलिस जता रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है,जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

तड़ीपार किए गए ३९ लोग शहर में ही मिले


सूरत. शहर पुलिस ने पिछले दिनों विभिन्न मामलों मेें शहर से कुल ४१७ लोगों को तड़ीपार किया था। इनमें से ३९ लोगो शहर में ही मिले। इनके खिलाफ शहर के अलग-अलग पुलिस थानों में मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक विभिन्न मामलों में आपराधिक इतिहास वाले कुल ४१७ लोगों को अलग अलग मामलों में शहर से तड़ीपार किया गया था। इनमें से कई लोग अवैध रूप से शहर में होने की। शहर पुलिस आयुक्त सतीष शर्मा को जानकारी मिलने पर गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। सुबह छह बजे से रात्रि बारह बजे तक चलाए गए अभियान में अलग अलग थानाक्षेत्रों में कुल ३९ लोग पाए गए। जिन्हें पकड़ कर उनके खिलाफ जीपी एक्ट की धारा १४२ के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।

Published on:
05 Sept 2018 09:42 pm