
वलसाड़. शहर में स्कूलों के बाहर जिस तरह से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा जुटता है, साफ है कि शहर पुलिस मंदसौर हादसे से भी सबक लेने को तैयार नहीं दिखती। पुलिस की लापरवाही से इनके हौसले बुलंद हैं और किशोरियों का स्कूलों ही नहीं शहर में भी अकेले आना-जाना दूभर हो रहा है।
पिछले दिनों मंदसौर में बालिका को स्कूल गेट से ही बहला-फुसला कर ले जाने और उसके साथ क्रूरतापूर्ण यौन अपराध से पूरा देश स्तब्ध है। लगता है इस घटना से वलसाड जिला पुलिस के कानों पर जूं नहीं रेंगी है। माना जा रहा था कि मंदसौर घटना के बाद देशभर के साथ ही वलसाड में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और कम से कम स्कूल-कॉलेजों के बाहर होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगेगी।
इस घटना के बाद भी शहर पुलिस की खुमारी नहीं टूटने का असर है कि स्कूलों के बाहर जुटने वाले असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। शहर के आरएमवीएम स्कूल, जमना बाई स्कूल, आवाभाई स्कूल समेत अन्य स्कूलों के आसपास आवारा लड़कों का हुजूम आती-जाती लड़कियों पर फब्तियां कसने और छेड़छाड़ करने से बाज नहीं आ रहा। स्कूल प्रशासन भी इन घटनाओं के स्कूल परिसर के बाहर होने की बात कह अपना पल्ला झाड़ लेता है। परिजनों का आरोप है कि इन मामलों को लेकर कई बार पुलिस के पास गए, लेकिन सहयोग नहीं मिला।
पुलिस की पकड़ कमजोर
लोगों का आरोप है कि इन मामलों में आरोपियों पर पुलिस की पकड़ कमजोर है। लड़कियों के साथ अश्लील हरकत करने पर पिछले दिनों एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। दूसरे दिन ही आरोपी बाहर था और अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में रोष है।
नाश्ते की लारियां बनती हैं आड़
इन आवारा लड़कों के लिए स्कूल गेट के बाहर लगी नाश्ते की लारियां आड़ का काम करती हैं। स्कूल लगने और छूटने के समय अराजक तत्वों का हुजूम इन लारियों पर खड़ा हो जाता है और आती-जाती लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करता है। शहीद चौकी के जमादार माधू भाई के मुताबिक कभी-कभी राउंड पर जाते हैं तो लड़कों को भगा देते हैं। रोजाना पेट्रोलिंग पुलिस के लिए भी संभव नहीं है। उधर, लोगों का कहना है कि पुलिस यदि इन लारी संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर उन्हें हटा दे तो इस समस्या से निजात पाई जा सकती है।