मिलेनियम में हुए शिविर में १२८ युनिट रक्त एकत्र हुआ
सूरत. अग्रवाल समाज ट्रस्ट की ओर से आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की कार्यक्रम शृंखला में शनिवार को ऑर्टिफिशीयल बुके, कुकिंग विदाउट फायर व फंताक्षरी का आयोजन किया जायेगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष बजरंग गाडोदिया ने बताया कि शुक्रवार को मिलेनियम मार्केट परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
सुनील टाटनवाला की देखरेख में शाम तीन बजे से पांच बजे के दौरान हुए इस कार्यक्रम में १२८ युनिट रक्त एकत्र हुआ। मंत्री पवन गुप्ता ने बताया कि छह अक्टूबर को घोडदौडऱोड पर अग्रवाल समाज भवन में आर्टिफिशियल बूके, कुकिंग विदाउट फायर, फंताक्षरी आदि प्रतियोगिता के आयोजन किए जाएंगे। इसके बाद रविवार को भवन में वादविवाद भाषण, मेगा हाऊजी,आदि के आयोजन किए जाएंगे।
महोत्सव के मुख्य संयोजक मोतीलाल जालान ने बताया कि 10 अक्टूबर को वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय के कन्वेंशन हॉल में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें वयोवृद्ध अग्रवाल दम्पती, मेधावी छात्रा-छात्राओं व देहदान तथा चक्षुदान परिवारों का सम्मान किया जाएगा।
गौ शाला में भजनमय सुंदरकांड पाठ
सूरत. श्री रामायण प्रचार मंडल उधना की ओर से श्राद्ध पक्ष के उपलक्ष में रविवार को भेस्तान रेलवे फाटक स्थित गोकुल गौशाला में विशेष भजनमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। गौ माता को गुड़ के लड्डू अर्पित किए जायेंगे। साढ़े पांच बजे गौ आरती व उसके बाद ग्वाल परिवार व गौ भक्तों के लिए भोजन प्रसादी होगी।
अग्र मिलन साप्ताहिक मिटिंग कल
सूरत. अग्र मिलन की साप्ताहिक बीसवीं मिटिंग रविवार सुबह सात से नौ बजे तक भटार स्थित आशीर्वाद पैलेस बैंकवेट हॉल में होगी। जिसमें वैवाहिक परिचय सम्मेलन के अलावा डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, दंत एवं नेत्र चिकित्सा आदि स्वास्थ्य सेवाएं होगी।
छात्रों की मेडिकल जांच
सूरत. माहेश्वरी विद्यापीठ में ग्रीन लीफ अस्पताल द्वारा छात्रों की ओर से मेडिकल जांच की गई। जूनीयर केजी से लेकर बारहवीं तक के छात्रों के स्वास्थ्य का परिक्षण किया गया।