Tennis News

ATP Ranking: नडाल को हटा पहले स्थान पर पहुंचे फेडरर, हालेप की बादशाहत बरकरार

रोजर फेडरर ने राफेल नडाल को पछाड़ते हुए एटीपी रैंकिंग में अपनी बादशाहत बना ली है। महिला वर्ग में सिमोना हालेप नंबर-वन पर हैं।
2 min read
• •
Updated: 18 Jun 2018, 6:30 PM IST
FEDRER
ATP Ranking: नडाल को हटा पहले स्थान पर पहुंचे फेडरर, हालेप की बादशाहत बरकरार

नई दिल्ली। स्विट्जरलैंड के टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने अपने सबसे कड़े प्रतिद्वंद्वी स्पेन के राफेल नडाल को अपदस्थ कर सोमवार को जारी पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) रैंकिंग में एक बार फिर पहला स्थान हासिल कर लिया है। फेडरर ने रविवार को स्टटगर्ट ओपन का खिताब अपने नाम करने के बाद एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने स्टटगर्ट ओपन के फाइनल में कनाडा के मिलोस राओनिक को मात देकर अपना 98वां खिताब जीता।

मारिन सिलिक को भी उठाना पड़ा नुकसान-
फेडरर ने राओनिक को फाइनल में 6-4, 7-6(3) से मात देकर नडाल से पहला स्थान छीन लिया। नडाल अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने हाल ही में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था जो उनके करियर का 11वां फ्रेंच ओपन खिताब था। शीर्ष-10 में इसके अलावा एक और बदलाव हुआ है। बुल्गरिया के ग्रिगोर दिमित्रोव ने क्रोएशिया के मारिन सिलिक से पांचावां स्थान छीन उन्हें छठे स्थान पर पहुंचा दिया है।

तीसरे और चौथे नंबर पर ये दिग्गज-
जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव और अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोट्रो क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर बने हुए हैं। फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाने वाले आस्ट्रिया के डोमिनिक थीम सातवें, दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन आठवें, बेल्जिमय के डेविड गोफिन नौवें और अमेरिका के जॉन इश्नेर 10वें स्थान पर बने हुए हैं।

महिला रैंकिंग में हालेप की बादशाहत-
हाल ही में फ्रेंच ओपन जीत के साथ ग्रैंड स्लैम का खाता खोलने वाली रोमानिया की स्टार खिलाड़ी सिमोना हालेप ने सोमवार को जारी महिला पेशेवर टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) रैंकिंग में अपना पहला स्थान कायम रखा है शीर्ष-10 रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालेप ने इस साल फ्रेंच ओपन के फाइनल में अमेरिका की स्लोन स्टीफंस को मात देकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।

कैरोलिना दूसरे स्थान पर काबिज -
स्टीफंस चौथे स्थान पर कायम हैं। डेनमार्क की कैरोलिना वोज्नियाकी और स्पेन की गर्बिने मुगुरुजा ने अपना दूसरा और तीसरा स्थान कायम रखा है। आस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह रविवार को नॉटिंघम में जीत के बाद 15वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं 16वें स्थान पर रहने वाली बेल्जियम की एलिसे मेर्टेंस को दो स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह 17वें स्थान पर आ गई हैं। 15वां स्थान अमेरिका की कोको वांडेवेघे को मिला है।

Published on: