Tennis News

Wimbledon 2026: प्राइज मनी को लेकर स्टार खिलाड़ियों ने खोला था मोर्चा, विंबलडन ने मानी ये डिमांड, विरोध प्रदर्शन रुका

यह अहम समझौता खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों और ऑल इंग्लैंड क्लब के बीच कई दौर की बातचीत के बाद हुआ। यह बातचीत तब हुई जब ऐसी चिंताएं थीं कि टॉप खिलाड़ी विंबलडन के शुरुआती हफ्ते में मीडिया-एक्सेस के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने की तैयारी कर रहे थे, जिसमें मैच के बाद और मैच से पहले के इंटरव्यू को सिर्फ 15 मिनट तक सीमित रखने की योजना थी।
2 min read
Jun 29, 2026
Julian Cash and Lloyd Glasspool win Mens Doubles Wimbledon title
जूलियन कैश और लॉयड ग्लासपूल ने विंबलडन 2025 का पुरुष डबल्स खिताब जीता। (फोटो क्रेडिट: IANS)

Wimbledon 2026: विंबलडन आयोजकों और दुनिया के शीर्ष टेनिस खिलाड़ियों के बीच एक अस्थायी समझौता हो गया है, जिससे इस साल की चैंपियनशिप के दौरान मीडिया की सामान्य गतिविधियां जारी रह सकेंगी। इस समझौते से उस विवाद में फिलहाल राहत मिली है, जो 2025 की शुरुआत से चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में लगातार बना हुआ था।

इंटरव्यू को सिर्फ 15 मिनट तक सीमित रखने की योजना

यह अहम समझौता खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों और ऑल इंग्लैंड क्लब के बीच कई दौर की बातचीत के बाद हुआ। यह बातचीत तब हुई जब ऐसी चिंताएं थीं कि टॉप खिलाड़ी विंबलडन के शुरुआती हफ्ते में मीडिया-एक्सेस के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने की तैयारी कर रहे थे, जिसमें मैच के बाद और मैच से पहले के इंटरव्यू को सिर्फ 15 मिनट तक सीमित रखने की योजना थी।

ग्रैंड स्लैम से होने वाली कमाई

यह असहमति मार्च 2025 में खिलाड़ियों की ओर से शुरू किए गए एक बड़े अभियान से जुड़ी है, जिसमें वे ग्रैंड स्लैम से होने वाली कमाई में ज्यादा हिस्सा, खिलाड़ियों की भलाई के कामों में अधिक योगदान और बड़े टूर्नामेंट के मैनेजमेंट स्ट्रक्चर में खिलाड़ियों की एक औपचारिक कमेटी बनाने की मांग कर रहे थे।

हालांकि, विंबलडन ने साल 2026 के संस्करण के लिए प्राइज मनी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की घोषणा पहले ही कर दी थी, लेकिन खिलाड़ियों ने पिछले हफ्ते संकेत दिया था कि आर्थिक चिंताएं अभी भी हल नहीं हुई हैं। इस कदम से लंबे समय तक गतिरोध बने रहने और बातचीत आगे न बढ़ने पर भविष्य में टूर्नामेंट के बहिष्कार की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि, बातचीत के ताजा दौर के बाद, खिलाड़ी टूर्नामेंट के लिए मीडिया के साथ पूरी तरह से जुड़ने पर सहमत हो गए।

'द गार्डियन' की रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों के एक बयान में कहा गया, "वीकेंड पर खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों और एईएलटीसी लीडरशिप के बीच सकारात्मक बैठकों के बाद, खिलाड़ियों ने पुष्टि की है कि वे सोमवार 29 जून से टूर्नामेंट में मीडिया से जुड़े सामान्य काम फिर से शुरू करेंगे। यह फैसला विंबलडन के उस वादे पर आधारित है कि वे खिलाड़ियों द्वारा जुलाई 2025 में सौंपे गए तीनों बिंदुओं पर ठोस प्रस्तावों के साथ वापस आएंगे। मूल मुद्दे अभी भी हल नहीं हुए हैं और प्रस्ताव मिलने के बाद खिलाड़ी उन पर ध्यान से विचार करेंगे। खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान उन प्रस्तावों के संबंध में विंबलडन की तरफ से मांगी गई अतिरिक्त जानकारी भी देंगे। विंबलडन और अन्य ग्रैंड स्लैम के साथ सकारात्मक बातचीत जारी रहेगी। खिलाड़ी और क्लब इस समय और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।"

उस प्रकाशन में यह भी कहा गया कि ऑल इंग्लैंड क्लब, फ्रेंच ओपन में शुरू हुई चर्चाओं की तर्ज पर, इनाम की राशि के बदले हुए मॉडल और खिलाड़ियों के बेहतर प्रतिनिधित्व पर ठोस प्रस्ताव तैयार करने के लिए सहमत हो गया है। खिलाड़ियों ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि व्यापक विवाद अभी सुलझा नहीं है और विंबलडन के दो हफ्तों के दौरान और उसके बाद भी बातचीत जारी रहेगी।

Published on:
29 Jun 2026 05:23 pm