तिरुवनन्तपुरम

एक पल में थम गई 8 जिंदगियां: केरल में हाईवे किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी कार, तमिलनाडु के छात्रों की मौत

Kerala road accident latest news: केरल के त्रिशूर में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात एक कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। भीषण हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक तमिलनाडु के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
2 min read
Kerala road accident
केरल के त्रिशूर में हादसे के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार, अंदर फंसे लोगों को निकालने में जुटी राहत टीम। (फोटो सोर्स-@GUMMALLALAKSHM3)

NH 66 accident: केरल के त्रिशूर में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 8 छात्रों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे छात्र अंदर ही फंस गए। हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्र तमिलनाडु के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसा देर रात के समय हुआ, जब कार हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी लॉरी से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और कई छात्र उसके अंदर फंसे हुए थे।

कार काटकर लोगों को निकालना पड़ा

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और राहत टीम को हादसे की सूचना दी। कुछ ही समय में पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। कार की हालत बेहद खराब होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहतकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 7 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं एक छात्र गंभीर रूप से घायल मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

तमिलनाडु के रहने वाले थे सभी मृतक

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी छात्र तमिलनाडु से जुड़े हुए थे। हादसे की खबर जब उनके परिवारों तक पहुंची तो वहां चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में कुछ समय पहले तक अपने बच्चों के सुरक्षित लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अचानक मातम छा गया।

एक ही हादसे में आठ छात्रों की मौत ने उनके परिवारों को गहरा सदमा दिया है। स्थानीय स्तर पर भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। हादसे का शिकार हुई कार तमिलनाडु के मदुरै नंबर की बताई जा रही है। घटनास्थल से डिंडीगुल के पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र भी मिला है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विश्व (20), सलेम; सूर्या (20), डिंडीगुल; संतोष (20), मदुरै; प्रसन्ना (मदुरै) और युवसंजीत (20), डिंडीगुल के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी आठों शवों को अपने कब्जे में लेकर त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। हादसे की जानकारी मृतकों के परिवारों को तमिलनाडु में दे दी गई है।

लॉरी के हाईवे किनारे खड़े होने पर सवाल

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार किस वजह से लॉरी से टकराई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लॉरी हाईवे के किनारे किस स्थिति में खड़ी थी और वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।

रात के समय हाईवे पर खड़े भारी वाहनों को लेकर पहले भी सुरक्षा संबंधी सवाल उठते रहे हैं। त्रिशूर की इस घटना ने एक बार फिर ऐसे वाहनों की पार्किंग और हाईवे पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान खींचा है। फिलहाल पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के बाद दुर्घटना की सही वजह सामने आने की उम्मीद है।

Updated on:
05 Sept 2026 09:06 am
Published on:
05 Sept 2026 09:06 am