
Tikamgarh News: रेलवे स्टेशन पर एक ब्वॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड का मामला उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब घर से भागे युवक-युवती को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर युवती के परिजनों ने पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा, कहासुनी और मारपीट हुई। इस दौरान ब्वॉयफ्रेंड को बचाने के लिए गर्लफ्रेंड अपने ही भाई के सामने डट गई और उसने चप्पल निकालकर उसकी पिटाई कर दी। सोमवार सुबह से घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कनेरा चौकी प्रभारी आकाश रुसिया ने सोमवार को बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बम्हैरीकला थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक और युवती घर से निकलकर कहीं दूर जाने की योजना के तहत मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी बीच युवती के परिजनों को दोनों के वहां होने की सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही परिजन रेलवे स्टेशन पहुंच गए और दोनों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान युवती के भाई ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रेमी को पिटता देख युवती ने बीच-बचाव किया और अपने भाई का विरोध करते हुए चप्पल से उसकी पिटाई कर दी। मौके पर युवती ने स्पष्ट रूप से कहा कि तुम होते कौन हो वह बालिग है और उसे अपनी इच्छा से कहीं भी आने-जाने तथा अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार है।
रेलवे स्टेशन के बाहर हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद युवक और युवती को मऊरानीपुर कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों के बालिग होने सहित अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।