
Niwari News :मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से अलग होकर बने निवाड़ी की जेरोन नगर परिषद में आज अध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी है। मौजूदा अध्यक्ष कुसुम मातादीन पस्तोर के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के बाद आज मतदान चल रहा है। बुधवार सुबह 7 बजे से अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मतदान प्रक्रिया चल रही है।
आपको बता दें कि, मौजूदा अध्यक्ष के खिलाफ कुल 12 पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिस पर आज नगर के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान के शुरुआती घंटों में रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर रही, लेकिन दोपहर 01 बजे तक करीब 38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है।
प्रशासन द्वारा इस पूरी मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रुप से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में कुल 15 मतदान केंद्र बने हैं। इन मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी निगरानी की जा रही है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी बृजेश खरे के अनुसार, मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है और अब तक किसी भी अप्रिय स्थिति या विवाद की सूचना नहीं मिली है।
चुनाव की सबसे दिलचस्प बात इसमें इस्तेमाल किए जा रहे चुनाव चिन्ह हैं, जहां मतदाताओं के लिए दो अनोखे विकल्प तय किए गए हैं। इसमें पहला 'भरी हुई कुर्सी' है। ये मौजूदा अध्यक्ष को उनके पद पर बनाए रखने के समर्थन के रूप में है। वहीं, दूसरा चुनाव चिन्ह 'खाली कुर्सी' है। ये चिन्ह अध्यक्ष को उनके पद से हटाने के पक्ष में वोट करने के लिए दर्शाई गई है।
जेरोन नगर परिषद क्षेत्र में कुल 7800 मतदाता हैं, जिनमें 4,032 पुरुष और 3,768 महिला मतदाता शामिल हैं। हालांकि, सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने करीब 7700 मतदाताओं के शामिल होने का अनुमान जताया है। निर्वाचन विभाग द्वारा मतदान संपन्न होने के बाद अंतिम और स्पष्ट आंकड़े जारी होंगे। अधिकारियों ने इस चुनाव में 60 से 70 फीसदी तक कुल मतदान होने की संभावना जताई है।
फिलहाल मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है और अब सभी की निगाहें मतदान के अंतिम आंकड़ों और आने वाले परिणामों पर टिकी हुई हैं, जिससे यह साफ हो जाएगा कि कुसुम मातादीन पस्तोर अध्यक्ष पद पर अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब होती हैं या यह कुर्सी किसी और के हाथ जाएगी।