
Tikamgarh Nandi Scooter: सावन के महीने में हर कोई भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन है और अपने-अपने तरीके से भोलेनाथ की आराधना में जुटा हुआ है। कुछ भक्त ऐसे भी हैं जो भोले को मनाने के लिए कुछ हटकर भक्ति कर रहे हैं और ऐसी एक तस्वीर मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सामने आई है। यहां भोलेनाथ के एक गजब भक्त ने जो किया है वो चर्चाओं का विषय बन गया है। भोले की भक्ति में लीन युवक ने अपने स्कूटर को ही नंदी का स्वरूप दे दिया है और इतना ही वो अपना प्रण पूरा करने के लिए नंदी रूपी इस स्कूटर से ही 1600 किलोमीटर का लंबा सफर कर हरिद्वार से गंगा जल लेकर आया है। युवक की अनोखी भक्ति को देखकर हर कोई अचरज में है और उसकी तारीफ कर रहा है।
ग्राम बैसा निवासी अरविंद ने सावन के माह में प्रण लिया था कि वह अपने गांव के चंद्रेश महादेव का इस बार हरिद्वार के पावन गंगाजल से अभिषेक करेंगे। ऐसे में वह अपने स्कूटर से ही हरिद्वार की यात्रा पर निकल गए। एक ओर से लगभग 800 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के बारे में अरविंद बताते हैं कि वह पूरे मार्ग ॐ नमः शिवाय का जाप करते हुए निकले और वापस आए। ऐसे में उन्हें सफर का पता ही नहीं चला। बुधवार को हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगा जल से उन्होंने अपने गांव बैसा टपरियन के चंद्रेश महादेव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
इस यात्रा के लिए अरविंद ने अपने स्कूटर को नंदी का स्वरूप दिया था। भोले की भक्ति के लिए उन्होंने अपने वाहन को नंदी बना लिया था। स्कूटर की हेड लाइट पर नंदी महाराज का खुला मुंह था, जिससे लाइट दिख रही थी। अरविंद ने बताया कि इस वाहन को बनाने में दो से तीन दिन का समय लगता है और करीब 10 हजार रुपए का खर्च आ जाता है। इसमें स्कूटर की बॉडी को सफेद रंग के मुलायम और रोएदार कवर से ढका गया है, जो बिल्कुल नंदी की खाल जैसा दिखाई देता है। उनका यह वाहन भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।