
Niwari Manish Jha Video Viral: मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में बुधवार को वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी प्रशासक मनीषा झा का नोट गिनते हुए वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद महिला बाल विकास विभाग में हड़कंप मच गया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप लगने लगे हैं। वीडियो सामने आने के बाद विभाग और प्रशासन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है तो वहीं मनीषा झा से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। पत्रिका सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
देखें वीडियो-
बुधवार को सोशल मीडिया पर वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी मनीषा झा का एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में मनीषा झा 500-500 रुपये के नोटों की दो गड्डियां गिनती दिख रही हैं। उनके साथ कुछ लोग भी कमरे में बैठे हुए हैं, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती को लेकर बात कर रहे हैं। इतना ही नहीं वीडियो में तहसीलदार और एसडीएम स्तर से फाइल चलने एवं पंचायत विभाग द्वारा आपत्ति दर्ज कराने जैसी बातें भी कही जा रही हैं। जिससे आंगनबाड़ी में कार्यकर्ता पद पर भर्ती के लिए लेन-देन किए जाने का मामला समझ आ रहा है।
मनीषा झा का मूल पद सुपरवाइजर का है लेकिन वो वर्तमान में प्रभारी प्रशासक वन स्टॉप, भर्ती प्रक्रिया प्रभारी और लिपिक की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद में अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेजों और अंकसूचियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पिछले कुछ वर्षों में हुईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्तियों की जांच की मांग भी उठ रही है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद जब मनीषा झा से संपर्क करने की कोशिश की फोन पर बातचीत नहीं हो पाई है।