टीकमगढ़

चुपके से खोला गया MP के सबसे प्रसिद्द श्रीराम मंदिर का खजाना, 3 घंटे तक खजाने के पास खड़े थे अधिकारी

Orchha Ramraja Temple Treasure: 12 दिन बाद सामने आई निवाड़ी प्रशासन की गंभीर लापरवाही। निवाड़ी कलेक्टर सफाई देते हुए बोलीं- सत्यापन के लिए खजाना खोला। मामले की जांच को लेकर मांग तेज।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 9:58 AM IST
orchha ramraja temple treasure
Ramraja Temple Treasure: चुपके से खोला गया ओरछा के श्रीरामराजा मंदिर का खजाना (फोटो सोर्स- Patrika)

Orchha Ramraja Temple Treasure: मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर ओरछा के अधिपति श्रीरामराजा मंदिर का शाही खजाना नियमों को दरकिनार कर खोल दिया गया। इस बात का खुलासा 12 दिन बाद हुआ तो हड़कंप मच गया। अब निवाड़ी जिला प्रशासन कठघरे में है। अब खजाना खोलकर तीन घंटे तक वहां रहने वाले अधिकारियों के साथ ही पूरी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की जा रही है। मंदिर का शाही खजाना खोलने (Shri Ramraja Temple Treasure Controversy) के नियम तय हैं। इसका पालन किए बगैर 2 नवंबर को खजाना खोला गया था। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक खजाना खुला रहा। फिर इसे बंद कर दिया गया था।

कलेक्टर से जांच की मांग

ओरछा के ओमप्रकाश रावत, अभय कड़ा, राहुल कुशवाहा, शिवभूषण सहित अन्य लोगों ने निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े को पत्र सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही खजाना खोले जाने की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने एवं खजाना खोले जाने के समय के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग सार्वजनिक किए जाने की मांग की है।

सार्वजनिक सूचना और मौजूदगी के नियम तय

मंदिर का शाही खजाना खोलने के नियम तय हैं। इसके लिए सार्वजनिक सूचना जारी की जाती है। खजाना कब, कैसे और किसकी मौजूदगी में खोला जाएगा, यह सभी नियमों के दायरे में आता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों जैसे विधायक, सांसद की उपस्थिति अनिवार्य होती है।

पुराना ताला काटा, किसी को बताया नहीं, रिकॉर्डिंग दिखाएं

आरोप लगाया जा रहा है कि इस खजाने के पुराने तालों को काटा गया है। लोगों का कहना है कि वर्ष 2007 में जनप्रतिनिधियों के न होने पर खजाना खोलने की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी, फिर इस बार बिना किसी जनप्रतिनिधि की उपस्थिति के ताले कैसे काटे गए। लोगों ने खजाने में प्रवेश करने वाले सभी लोगों के नाम, उनके पद, उस समय के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग आदि सार्वजनिक करने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि यह प्रक्रिया लोगों के मन में शंका पैदा करती है।

खजाने में बहुमूल्य आभूषण, इसकी सूची कोषालय में भी

बताया जाता है कि श्रीराम राजा के खजाने में राजशाही दौर के बहुमूल्य आभूषण है। इसकी सूची जिला कोषालय में जमा रहती है। ओरछा मंदिर का खजाना हमेशा ही संवेदनशील विषय रहा है। खजाना खोलने के नियम को लेकर बताया जाता है कि इसके लिए कलेक्टर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों में विधायक, सांसद के साथ ही प्रशासन द्वारा नियुक्ति किए गए अन्य अधिकारी एवं जौहरी शामिल होते हैं। इस प्रक्रिया की पूरी रिकॉर्डिंग कराई जाती है और इसकी सूचना सार्वजनिक की जाती है।

सत्यापन के लिए बनाई गई थी टीम- कलेक्टर

मंदिर के खजाने का पूरा सत्यापन कराया जाना है। इसके लिए पूरी टीम बनाई गई है। सत्यापन के पूर्व व्यवस्थाओं को लेकर उसे खोला गया था और विधिवत बंद किया गया है। अभी ओरछा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे है, ऐसे में इसकी गणना उचित नहीं है। जल्द ही अनुकूल समय होने पर खजाने का पूरा सत्यापन कराकर उसे विधिवत किया जाएगा। - जमुना भिड़े, कलेक्टर, निवाड़ी।

Updated on:
15 Nov 2026, 9:58 AM IST
Published on: