टीकमगढ़

ये मेरे पिता नहीं, सिस्टम की राख है! बेटे ने हाथ में राख लेकर खाई कसम, Video Viral

MP News: काशीराम का कहना है कि वे अपने बीमार पिता को इलाज के लिए जतारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे, लेकिन वहां समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो सकी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
2 min read
Mar 21, 2026
Son Swears an Oath Holding His Father Funeral Ashes video viral mp news
Son Swears an Oath Holding His Father Funeral Ashes video viral (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करता एक भावुक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को भीतर तक झकझोर दिया है। एक बेटे ने अपने पिता की चिता के पास खड़े होकर जो कहा, उसने सिस्टम और संवेदनाओं दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। मामला टीकमगढ़ जिले के जतारा क्षेत्र का है। यहां के उदयपुरा गांव के निवासी काशीराम ने अपने पिता की मौत के बाद श्मशान स्थल पर वीडियो बनाकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

काशीराम का कहना है कि वे अपने बीमार पिता को इलाज के लिए जतारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे, लेकिन वहां समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो सकी। इसी वजह से उनके पिता की जान चली गई। वीडियो में उनका दर्द और गुस्सा साफ झलकता है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई मौत

उदयपुरा गांव के रहने वाले काशीराम के पिता लंपू की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जतारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां ऑक्सीजन की कमी के चलते लंपू की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने गांव ले जाकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन चिता के सामने पुत्र ने कसम खाई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुत्र वीडियो में कह रहा है कि यह सिस्टम की नाकामी और सरकार का खोखलापन है। जिस कारण से मेरे पिता की मौत हुई है। इसके साथ ही वह अस्पताल पर सवाल खड़े कर रहा है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

पुत्र ने पिता की राख के पास बैठकर बनाया वीडियो

पिता के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट पर बैठकर वीडियो बनाया, जिसमें उसने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए और व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। वीडियो में काशीराम ने कहा कि 'साथियों ये मेरे पिताजी की ही नहीं बल्कि सरकार की राख है। इस देश की सरकार खोखली हो गयी है। मेरे पिताजी नहीं रहे।' बेटे ने आगे वीडियो में आरोप लगाया कि 'जतारा अस्पताल में अगर ऑक्सीजन मिल जाती तो मेरे पिताजी जिंदा होते लेकिन वहां ऑक्सीजन नहीं मिला। हर सरकारी अस्पताल की हालत इतनी खराब है कि मेरे पिता की मौत हुई है। कल किसी और का पिता मरेगा , किसी की मां विधवा होगी।'

राख हाथ में लेकर खाई कसम

बेटे ने वीडियो में कहा कि साथियों एक बात याद रखना, इंसाफ के लिए हमेशा लड़ना। मैं अपने पिता राख लेकर ये कसम खा रहा हूं की अब किसी का पिता ऑक्सीजन की कमी के कारण नहीं मरेगा, किसी की मां विधवा नहीं होगी, किसी का भाई मजबूरी में नहीं मरेगा, कोई भी नुकसान नहीं होगा ये मैं कसम खा रहा हूं। इस देश में कोई भी नेता सही नहीं।'

Updated on:
21 Mar 2026 11:22 am
Published on:
21 Mar 2026 11:22 am