Bigg Boss star Ashu Reddy: अभिनेत्री आशु रेड्डी के खिलाफ एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 9.35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और शादी का वादा तोड़कर विश्वासघात करने का मामला दर्ज कराया है। अब इस पर एक्ट्रेस का भी बड़ा बयान सामने आ गया है।
Actress Ashu Reddy: तेलुगु फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री और 'बिग बॉस' फेम आशु रेड्डी एक बड़े कानूनी विवाद में घिर गई हैं। हैदराबाद की सिटी सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) पुलिस ने अभिनेत्री के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज किया है। यह शिकायत लंदन में रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर वाईवी धर्मेंद्र ने दर्ज कराई है, जिन्होंने एक्ट्रेस पर करीब 9.35 करोड़ रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र के अनुसार, उनकी और आशु रेड्डी की मुलाकात साल 2018 में हैदराबाद में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वह एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। धर्मेंद्र का कहना है कि उस समय उनका अपनी पहली पत्नी से तलाक का मामला चल रहा था और आशु को इस बारे में पूरी जानकारी थी। धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि आशु ने उनसे शादी करने का वादा किया था, जिसके बाद उन्होंने भविष्य के सुनहरे सपने देखते हुए समय-समय पर एक्ट्रेस को भारी मात्रा में नकदी और सोना दिया। इतना ही नहीं, धर्मेंद्र ने कुछ संपत्तियां भी खरीदीं जो कथित तौर पर आशु के नाम पर ही दर्ज करवाई गईं।
शिकायत के अनुसार, धर्मेंद्र ने जब 2020 में शादी के लिए दबाव बनाया, तो आशु ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए इनकार कर दिया। इसके बाद जब धर्मेंद्र ने अपने पैसे और प्रॉपर्टी वापस मांगनी शुरू की, तो एक्ट्रेस के परिवार ने बीच-बचाव किया और दोबारा शादी का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया। धर्मेंद्र का आरोप है कि साल 2020 से 2025 के बीच उनके साथ फिर से धोखाधड़ी की गई और उनसे पैसे लिए गए। 2025 के मध्य में आशु ने साफ तौर पर शादी से मना कर दिया और उनसे सारे संपर्क तोड़ दिए, जिसके बाद मजबूर होकर उन्हें पुलिस में शिकायत करनी पड़ी।
जैसे ही मामले ने तूल पकड़ा एक्ट्रेस ने पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी और सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "मेरी मर्जी के बिना जो भी गलत जानकारी या खबरें फैलाई जा रही हैं, उन पर मैं कड़ी कानूनी कार्रवाई करूंगी।" एक्ट्रेस ने सीधे तौर पर आरोपों का जवाब न देते हुए इसे अपनी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
यह पहली बार नहीं है जब आशु रेड्डी का नाम विवादों में आया है। इससे पहले उनका नाम ड्रग्स से जुड़े एक मामले में भी उछला था, हालांकि उन्होंने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। आशु रेड्डी को तेलुगु सिनेमा में 'चल मोहन रंगा' और 'स्पार्क लाइफ' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है, लेकिन उन्हें असली पहचान 'बिग बॉस तेलुगु' से मिली थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह देखना दिलचस्प होगा कि इस हाई-प्रोफाइल केस में आगे क्या मोड़ आता है।