टॉलीवुड

Jailer 2 Controversy: विवाद पर मोहनलाल के बॉडी डबल जॉबी कोडकारा की सफाई, बोले- फिल्म में कहीं नहीं दिखा मेरा चेहरा

Jailer 2 Box Office Collection: रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' में मोहनलाल के बॉडी डबल ने अब पूरे विवाद पर अपनी ओर से सफाई पेश की है। आखिर क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
• •
Oct 21, 2026
Jailer 2 Mohanlal Body Double Controversy
जेलर 2 (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Jailer 2 Mohanlal Body Double Controversy: दक्षिण भारतीय अभिनेता रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा में है। फिल्म में मोहनलाल के किरदार मैथ्यू को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। अब उनके बॉडी डबल जॉबी कोडकारा ने इस पूरे विवाद पर सफाई दी है। जॉबी ने स्पष्ट किया कि फिल्म में उनका चेहरा कहीं इस्तेमाल नहीं किया गया है और केवल कुछ दृश्यों में उनके हाथ और पैर दिखाई देते हैं।

क्लाइमैक्स में बॉडी डबल के इस्तेमाल पर क्या बोले जॉबी

जॉबी कोडकारा ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि 'जेलर 2' में उनका काम बहुत सीमित था। उनके मुताबिक फिल्म के अंतिम हिस्से में एयरपोर्ट वाले दृश्य के दौरान केवल एक-दो छोटे सीन में उनके शरीर के कुछ हिस्सों का इस्तेमाल किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन दृश्यों में कार चलाते समय गियर बदलते हुए और एक्सीलेटर दबाते हुए हाथ-पैर दिखाई देते हैं। जॉबी ने साफ कहा कि इन दृश्यों में उनका चेहरा बिल्कुल नहीं दिखाया गया है।

उन्होंने उन दावों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि फिल्म के क्लाइमैक्स में उनका चेहरा मोहनलाल की जगह इस्तेमाल किया गया है। जॉबी के मुताबिक जिस चेहरे को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा हो रही है, वह उनका चेहरा नहीं है।

मोहनलाल के लुक में तस्वीरें साझा करने से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब जॉबी ने फिल्म की रिलीज के दिन मोहनलाल के किरदार मैथ्यू वाले लुक में अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दी थीं। तस्वीरों को देखकर दर्शकों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों में मोहनलाल की जगह उनके बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया है।

इसके बाद कुछ दर्शकों ने यह दावा करना शुरू कर दिया कि फिल्म के क्लाइमैक्स में भी जॉबी ने मोहनलाल की जगह कुछ दृश्य किए हैं। सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और जॉबी को भी आलोचना का सामना करना पड़ा।

तस्वीरें साझा करना अपनी गलती मानते हैं जॉबी

जॉबी ने खुद माना कि फिल्म के सेट से अपनी तस्वीरें साझा करना उनकी गलती थी। उन्होंने बताया कि निर्माण दल की ओर से उन्हें पहले ही तस्वीरें साझा नहीं करने के लिए कहा गया था। लेकिन फिल्म में काम करने की खुशी और उत्साह में उन्होंने तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दीं।

बाद में जब उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने तस्वीरें हटा दीं। जॉबी का कहना है कि इन तस्वीरों के कारण ही उनके काम को लेकर गलतफहमियां पैदा हुईं और उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना झेलनी पड़ी।

मोहनलाल के प्रशंसक हैं जॉबी

जॉबी ने यह भी बताया कि उन्हें मोहनलाल से उनकी शारीरिक समानता के कारण उनके बॉडी डबल के तौर पर चुना गया था। उन्होंने कहा कि वह खुद मोहनलाल के बड़े प्रशंसक हैं और उनके जैसा लुक अपनाकर फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव था।

उनके मुताबिक किसी अभिनेता के बॉडी डबल का इस्तेमाल कुछ खास दृश्यों में किया जाना सामान्य प्रक्रिया है। कलाकार की व्यस्तता, समय की कमी या शूटिंग से जुड़ी परिस्थितियों के कारण कई बार ऐसे दृश्यों के लिए बॉडी डबल की मदद ली जाती है।

मोहनलाल की स्क्रीन टाइम को लेकर भी चर्चा

'जेलर 2' में मोहनलाल की भूमिका को लेकर एक अलग बहस भी देखने को मिली है। कुछ दर्शकों ने फिल्म में उनके कम स्क्रीन टाइम को लेकर निराशा जताई है। फिल्म के स्टाइलिस्ट और कॉस्ट्यूम डिजाइनर जिशाद शम्सुद्दीन ने भी पहले कहा था कि मोहनलाल के लिए तैयार किए गए तीन लुक अंतिम फिल्म में शामिल नहीं किए गए।

उन्होंने ट्रेलर में दिखाए गए मोहनलाल के एक दृश्य को थिएटर में रिलीज हुई फिल्म में छोटा किए जाने पर भी निराशा जाहिर की थी।

बॉक्स ऑफिस पर जारी है फिल्म की मजबूत कमाई

विवादों के बीच 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। ट्रेड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के छह दिनों में भारत में करीब 287.8 करोड़ रुपये का शुद्ध कारोबार किया है। वहीं फिल्म का दुनिया भर में सकल कारोबार करीब 541 करोड़ रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है।

फिल्म में रजनीकांत और मोहनलाल के अलावा शिवराजकुमार, एसजे सूर्या और विद्या बालन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ऐसे में बॉक्स ऑफिस की सफलता के बीच मोहनलाल के किरदार और बॉडी डबल को लेकर उठा विवाद फिल्म की चर्चा को और बढ़ा रहा है।

Updated on:
21 Oct 2026 11:54 am
Published on:
21 Oct 2026 11:54 am