
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत न सिर्फ फिल्मों में बल्कि असल जिंदगी में भी हीरो हैं। रजनी हमेशा से ही अपने सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते हैं। बीते रविवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल रजनीकांत ने एक सात साल के लड़के की जमकर तारीफ की और इसकी वजह है उस लड़के की ईमानदारी। बता दें कि उस लड़के का नाम यासिन है। यासिन को 50 हजार रुपए से भरा हुआ एक पर्स पड़ा मिला था। जिसको उसने बिना किसी लालच के उसके मालिक तक पहुंचाया।
पैसे से भरा पर्स पहुंचाया मालिक तक:
यासिन इरोड जिले के कानी रवुथरकुलम के चिन्ना सेमुर का रहने वाला है। साथ ही वह क्लास 2 का छात्र है। बता दें कि जब गुरुवार को यासिन अपने स्कूल जा रहा था उसी वक्त उसे सड़क पर पैसों से भरा हुआ एक पर्स पड़ा मिला। उस पर्स में 500 और 100 के नोट भरे हुए थे। यासिन ने बिना किसी लालच के उस पर्स को अपने प्रिंसिपल को दे दिया। उसके बाद उसके प्रिंसिपल ने देरी किए बगैर इस बात की पूरी जानकारी पुलिस को दी और वो पर्स पुलिस अधीक्षक को सौंप दिया। जिसके बाद पुलिस ने उस पर्स को उसके सही मालिक तक पहुंचाया।
रजनीकांत ने यासिन को मिलने के लिए बुलाया अपने घर :
इस पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद रजनीकांत ने रविवार को यासिन और उसके माता-पिता को अपने घर पोएस गार्डन पर आमंत्रित किया। यासिन से मुलाकात करने केा बाद उन्होंने मीडिया से बात की। बातचीत में उन्होंने कहा, 'आज के दौर में जहां लोग थोड़े से पैसे के लिए एक दूसरे को धोखा देते हैं। यहां तक कि जान तक ले लेते हैं। ऐसे में यासिन उन सभी लोगों के लिए उदाहरण है। यासिन ने कहा, 'यह मेरा पैसा नहीं है और इसे सौंप दिया है।' बच्चे की ईमानदारी देख रजनीकांत पूरी तरह से कायल हो गए।
रजनीकांत उठाएंगे यासिन की पढ़ाई का खर्च:
बच्चे की ईमानदारी को देखते हुए रजनीकांत ने कहा, 'वह यासिन की हायर एजुकेशन का पूरा खर्च उठाएंगे। अभी वह सरकारी स्कूल में पढ़ रहा है। जैसे ही वह अपनी उच्च शिक्षा के लिए आगे जाएगा, मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लूंगा।'