टॉलीवुड

Toxic Twitter Reaction: यश-कियारा की ‘टॉक्सिक’ देख कोई हुआ खुश तो किसी ने कहा डिजास्टर, पढ़ें पब्लिक रिव्यू

Toxic Twitter Review: फिल्म टॉक्सिक बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो गई है। फिल्म के पहले दिन पहले शो के रिव्यू भी आ गए हैं। कई लोग निराश दिखे तो कई ने इसे एनिमल और धुरंधर का बाप बताया है।
2 min read
Aug 26, 2026
Toxic Twitter Reaction in hindi yash kiara advani film
टॉक्सिक एक्स रिव्यू (Photo Source- Twitter/@CKReview1)

Toxic Twitter Reaction: रॉकस्टार यश और अभिनेत्री कियारा आडवाणी की पैन-इंडिया फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दे दी है। थिएटर के बाहर लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। लोग भारी संख्या में फिल्म देखने पहुंचे हैं। अब सोशल मीडिया पर फर्स्ट डे फर्स्ट शो के पब्लिक रिव्यू भी आने शुरू हो गए हैं। जिसे देख कई लोग हैरान हो रहे हैं। जहां एक तरफ कुछ दर्शक यश के स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस के कायल हैं, वहीं दूसरी तरफ कई इसे निराशाजनक और 'डिजास्टर' बता रहे हैं। 

टॉक्सिक देख आए लोगों ने दिए रिव्यू

गीतु मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म से जिस तरह की कहानी और भावनात्मक जुड़ाव की उम्मीद की जा रही थी, वह सोशल मीडिया रिव्यू के अनुसार दर्शकों को बांधने में नाकाम रही है। फिल्म देखने के बाद कई यूजर्स ने इसके कमजोर लेखन, सुस्त एडिटिंग और बिखरी हुई कहानी की कड़ी आलोचना की है।

प्रसिद्ध रिव्यू प्लेटफॉर्म BINGED ने फिल्म को बेहद खराब 1.5/5 की रेटिंग देते हुए लिखा, "अगर आप तीन घंटे की यह पूरी फिल्म देखने में सफल हो जाते हैं, तो 'टॉक्सिक' के खत्म होने तक आपको न केवल यश के लिए बुरा लगेगा, बल्कि आप यह सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि आपने अपने जीवन के तीन कीमती घंटे इस फिल्म पर क्यों बर्बाद किए? यह तीन घंटे की एक तरह की जहरीली यातना जैसी लगती है।"

सोशल मीडिया पर लगातार फिल्म को देखने के बाद लोगों के रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं। एक ने कमेंट करते हुए पहले हाफ के बारे में लिखा, "डायलॉग, म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी जबरदस्त है, लेकिन स्क्रीनप्ले काफी टूटा-फूटा नजर आया। जंप-कट्स ने काफी परेशान किया। बिना लॉजिक वाली राइटिंग की वजह से फिल्म बोरिंग हो गई और इंटरवल तक यही हाल रहा।”

एक ने लिखा, "3 घंटे लंबी, हिंसक एक्शन-ड्रामा फिल्म में कुछ ही चीजें अच्छी हैं वरना जबरदस्ती डाले गए एडल्ट सीन, बेमतलब के सीन, खराब डायलॉग और कोई इमोशनल जुड़ाव नहीं है। बोरिंग फिल्म, सबसे खराब।” वहीं, कई लोगों ने इसकी तारीफ की। एक ने इसे एनिमल से भी शानदार बताया। एक ने कहा कि ये फिल्म धुरंधर और दंगल का रिकॉर्ड तोड़ देगी। एक ने बताया कि ये फिल्म हॉलीवुड को टक्कर दे सकती है। एक ने कहा बेहद शानदार है रोमांटिक सीन्स।" 

Updated on:
26 Aug 2026 10:01 am
Published on:
26 Aug 2026 09:48 am